क्रिकेट

IND vs PAK: आज T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच, जानिए अहम जानकारियां

T20 World Cup 2026 Today Match India vs Pakistan: क्रिकेट में सियासत के घालमेल के कारण पैदा हुआ गतिरोध अस्थायी तौर पर दूर होने के बाद टी20 विश्व कप के सबसे चर्चित मुकाबले में रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने होंगे। ऐसे में भारत के मध्यक्रम और फिट होकर वापसी करने वाले अभिषेक शर्मा के सामने पाकिस्तान के स्पिनरों की चुनौती होगी। मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए अब दोनों टीमें किसी तरह की कोताही बरतना नहीं चाहेगी।

Image

भारत बनाम पाकिस्तान मैच

India vs Pakistan T20 World Cup Match: पाकिस्तान ने मैच के बहिष्कार के अपने फैसले पर यू टर्न लेकर प्रेमदासा स्टेडियम पर यह मैच खेलने का फैसला लिया। वहीं, दोनों टीमों के क्रिकेटरों ने इसे आम मैच बताकर हाइप कम करने की पूरी कोशिश की। लेकिन दोनों टीमों की क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता और खासकर इस मैच की पृष्ठभूमि को देखते हुए यह तो तय है कि अब कोई इसे हारना नहीं चाहेगा।

हारने पर अपने प्रशंसकों का कोपभाजन बनना दोनों में से किसी टीम को मंजूर नहीं होगा और वह भी तब जबकि विश्व कप के अहम मुकाबले अभी आने बाकी हैं। भारत के सामने समस्या अभिषेक शर्मा को लेकर थी जो पेट के संक्रमण के कारण दो दिन अस्पताल में रहे और नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल सके थे। हालांकि, सकारात्मक पक्ष यह रहा कि बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक ने शनिवार शाम नेट्स पर काफी समय तक बल्लेबाजी की, जिससे उनकी बीमारी से उबरने के संकेत मिले।

ईशान किशन के साथ कर सकते हैं ओपनिंग

कप्तान सूर्यकुमार यादव से जब यह स्वाभाविक सवाल पूछा गया तो उन्होंने मीडिया दल से हल्के फुल्के अंदाज में कहा, 'अगर आप लोग चाहते हैं तो हम अभिषेक को खिलाएंगे।' इसलिए लगभग तय है कि पंजाब के इस खिलाड़ी को संजू सैमसन की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाएगा। वहीं, शानदार फॉर्म में चल रहे ईशान किशन के साथ पारी की शुरुआत करेंगे।

कुलदीप यादव की हो सकती है वापसी

पिच को देखते हुए बायें हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को भी उतारा जा सकता है। ऐसे में रिंकू सिंह को बाहर रहना पड़ सकता है। बाबर आजम के खिलाफ कुलदीप के शानदार रिकॉर्ड और एशिया कप फाइनल में उनके चार विकेट को देखते हुए उन्हें इस मैच में मौका देना अच्छा विकल्प होगा। विश्व कप से पहले भारत की बल्लेबाजी काफी मजबूत लग रही थी, लेकिन टूर्नामेंट के दो मैचों में बल्लेबाजों का प्रदर्शन चिंता का सबब है।

डेथ ओवर में दिखी थी कमजोरी

अमेरिका के खिलाफ भारत के 6 विकेट 77 रन पर गिर गए थे, जबकि नामीबिया के खिलाफ डेथ ओवरों में मेजबान टीम ने चार रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिये थे लेकिन 200 रन से अधिक का स्कोर और 93 रन से जीत के कारण यह कमजोरियां दब गई। दोनों मैचों में सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने संकटमोचक की भूमिका निभाई। लेकिन बड़े टूर्नामेंट में एक ईकाई के रूप में अच्छा प्रदर्शन जरूरी है।

भारतीय टीम को मिलेगी चुनौती

पिछले साल हाइब्रिड मॉडल पर सहमति बनने के बाद पाकिस्तान टीम के मैच कोलंबो में हो रहे हैं, जिससे उसे हालात और पिच की बेहतर जानकारी है। पिच धीमे गेंदबाजों की मददगार है और पाकिस्तान के पास उस्मान तारिक, सईम अयूब, अबरार अहमद, शादाब खान और मोहम्मद नवाज जैसे स्पिनर हैं। तारिक का गेंदबाजी एक्शन पहले ही चर्चा का विषय बन चुका है और भारतीय बल्लेबाजों से उनकी टक्कर रोचक रहेगी।

साहिबजादा फरहान पर निर्भर टीम

पाकिस्तान की बल्लेबाजी साहिबजादा फरहान पर निर्भर होगी, जबकि अयूब और हरफनमौला फहीम अशरफ उनका साथ देंगे। पाकिस्तान का सामना अभी तक बेहतरीन गेंदबाजी आक्रमण से नहीं हुआ है जो भारत के पास है। जसप्रीत बुमराह से लेकर वरूण चक्रवर्ती तक भारत के पास मैच विनर हैं और हरफनमौला शिवम दुबे की गेंदबाजी भी बेहतर हुई है। वैसे तमाम समीकरणों, टीम संयोजन और कौशल से इतर यह मुकाबला जज्बात पर काबू पाने का है और बाहरी तथा भीतरी दबाव झेलने वाली टीम की विजयी रहेगी।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article