शहर

Live Updates : बिहार MLC की 8 सीटों के लिए वोटों की गिनती जारी, किसी ने CCTV का उठाया मुद्दा तो कोई धरने पर बैठा

इस चुनाव में कुल 90 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत दांव पर लगी है, जिनमें 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 30 और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 60 उम्मीदवार शामिल हैं।

Image

बिहार MLC चुनाव के लिए मतगणना

Photo : PTI

Bihar MLC polls: बिहार विधान परिषद (MLC) की 8 द्विवार्षिक सीटों के लिए डाले गए वोटों की गिनती आज सुबह ठीक 8 बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मतगणना केंद्रों पर त्रि-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके। इस चुनाव में कुल 90 उम्मीदवारों की राजनीतिक किस्मत दांव पर लगी है, जिनमें 4 स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 30 और 4 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 60 उम्मीदवार शामिल हैं। जानें हर अपडेट-

जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार की शिकायत

वहीं, पटना स्नातक सीट से जनसुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह ने कांटिंग सेंटर के अंदर CCTV नहीं होने का आरोप लगाया साथ हीं वहां काउंटिंग एजेंट के बैठने तक की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया। अनुज सिंह ने नतीजों में धांधली का भी अंदेशा जताया उन्होंने कहा मैंने कमिश्नर से शिकायत की है चुनाव आयोग से भी इसकी शिकायत करूंगा। हालांकि अनुज सिंह ने अपने जीत का दावा भी किया, अनुज सिंह के लिए अनंत सिंह ने प्रचार किया था जिसके बाद उनपर जेडीयू ने कार्रवाई की।

आरजेडी के प्रत्याशी ने जताई नाराजगी

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से आरजेडी के प्रत्याशी संजीव कुमार सिंह ने भी मतगणना केंद्र के अंदर सीसीटीवी नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताई है कहा ये गलत हो रहा है, उन्होंने कहा अधिकारियों का कहना है कि इस चुनाव में सीसीटीवी नहीं लगाया जाता है जबकि हर जगह सीसीटीवी लगा है तो आखिर काउंटिंग सेंटर के अंदर क्यों नहीं सीसीटीवी लगाया गया।

कांग्रेस उम्मीदवार संजय यादव धरने पर बैठे

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार संजय यादव मतगणना केंद्र के बाहर धरने पर बैठ गए हैं, संजय यादव का आरोप है की काउंटिंग सेंटर के अंदर CCTV कैमरे नहीं लगाए गए हैं इसी वजह से धरने पर बैठ गए हैं संजय यादव

23 अक्टूबर को मतदान हुआ था

इन आठ सीटों के लिए गत 23 अक्टूबर को मतदान कराया गया था, जिसमें मतदाताओं ने काफी उत्साह दिखाया था। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र वर्ग में भारी मतदान दर्ज किया गया और कुल 82.85% वोटिंग हुई। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 53.42% मतदान दर्ज किया गया। पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 4.92 लाख योग्य मतदाता थे, जबकि पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक सीटों के लिए 40,253 मतदाता पंजीकृत थे।

कहां-कहां हो रही है वोटों की गिनती?

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, सभी संबंधित जिलों में निर्धारित केंद्रों पर मतगणना शांतिपूर्वक चल रही है।

  • पटना: बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतगणना की जा रही है।
  • दरभंगा: दो निर्वाचन क्षेत्रों के वोटों की गिनती खेल भवन-कम-व्यायामशाला भवन में हो रही है।
  • तिरहुत (स्नातक और शिक्षक दोनों): मुजफ्फरपुर के एमआईटी (MIT) प्रशासनिक ब्लॉक में मतों की गिनती जारी है।
  • कोसी स्नातक सीट: पूर्णिया स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के क्षेत्रीय कार्यालय में वोटों की गिनती हो रही है।
  • सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: एसवीएन राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में मतगणना केंद्र बनाया गया है।

राजनीतिक समीकरण और प्रमुख दल

यह चुनाव राजनीतिक लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि इसके परिणाम राज्य के राजनीतिक माहौल की एक बानगी पेश करेंगे। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 4 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि उसका प्रमुख सहयोगी दल जनता दल यूनाइटेड (JDU) शेष 4 सीटों पर मैदान में है।

जन सुराज पार्टी

चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) के नेतृत्व वाली जन सुराज पार्टी ने इन सभी 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारकर मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है।

कार्यकाल और आगे की प्रक्रिया

इन 8 सीटों पर वर्तमान में आसीन विधान पार्षदों का कार्यकाल आगामी 16 नवंबर को समाप्त हो रहा है। आज होने वाली मतगणना के रुझान और परिणाम दोपहर तक आने की उम्मीद है, जिसके बाद स्पष्ट हो जाएगा कि विधान परिषद के इन महत्वपूर्ण अंगों में कौन सी पार्टी बाजी मारती है।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article