स्पोर्ट्स

Major Dhyan Chand Khel Ratna Award 2024: डी गुकेश ने रचा इतिहास, बने खेल रत्न अवार्ड जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी

सबसे कम उम्र में शतरंज का विश्व खिताब जीतने वाले 18 वर्षीय डी गुकेश एक और रिकॉर्ड तोड़ते हुए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड जीतने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश

नई दिल्ली: शतरंज इतिहास के सबसे युवा वर्ल्ड चैंपियन डी गुकेश ने एक और नया इतिहास अपने नाम कर लिया है। गुकेश को भारत सरकार ने साल 2024 के लिए मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवार्ड से सम्मानित करने का फैसला किया है। ये भारत सरकार द्वारा दिया जाने वाला सर्वोच्च खेल पुरस्कार है। 29 मई 2006 को जन्मे डी गुकेश खेल रत्न के इतिहास में सबसे कम उम्र में ये पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

तोड़ा अभिवन बिंद्रा का रिकॉर्ड

भारत के लिए ओलंपिक इतिहास में पहला व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाले निशानेबाज अभिवन बिंद्रा ने भी साल 2001 में 18 साल की उम्र में ये पुरस्कार अपने नाम किया था। गुकेश ने कुछ दिनों के अंतर से बिंद्रा को पछाड़ दिया है। विश्वनाथन आनंद के बाद खेल रत्न अवार्ड जीतने वाले डी गुकेश दूसरे चेस प्लेयर बने हैं।

चार खिलाड़ियों को मिला साल 2024 के लिए अवार्ड

गुकेश के साथ साथ पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली मनु भाकर, पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह और पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को खेल रत्न अवार्ड से नवाजा जाएगा। विजेताओं को 17 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति भवन में एक विशेष कार्यक्रम में पुरस्कार दिये जायेंगे।

साल 1991-92 में हुई थी पुरस्कार की शुरुआत, 2021 में बदला नाम

खेल रत्न अवार्ड की शुरुआत साल 1991-92 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर की गई थी। विश्वनाथन आनंद ये पुरस्कार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। इस अवार्ड का नाम साल 2021 नें मौजूदा केंद्र सरकार ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर करने का फैसला किया। इस अवार्ड को अब मेजर ध्यानचचंद खेल रत्न अवार्ड के नाम से जाना जाता है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article