स्पोर्ट्स

French Open 2025: पुरुष एकल के फाइनल में पहुंचे डिफेंडिंग चैंपियन कार्लोस अल्काराज, चोटिल मुसेटी ने छोड़ा मैच

कार्लोस अल्काराज शुक्रवार को फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल सेमीफाइनल में लॉरेंजो मुसेटी के चोट की वजह से मुकाबला छोड़ने के बाद पहुंच गए। फाइनल में उनकी भिड़ंत यानिक सिनर या नोवाक जोकोविच से होगी।

Image

कार्लोस अल्कराज और लोरेंजो मुसेटी

Photo : AP

पेरिस: गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज शुक्रवार को फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल सेमीफाइनल में लोरेंजो मुसेटी के चौथे सेट की शुरुआत में चोट के कारण मुकाबले से हटने से फाइनल में पहुंच गये। आठवीं वरीयता प्राप्त इटली के मुसेटी ने मुकाबले से जब हटने का फैसला किया उस समय अल्काराज 4-6, 7-6, 6-0, 2-0 से आगे चल रहे थे।

इस तरह मैच जीतना अच्छी बात नहीं

स्पेन के दूसरी वरीयता प्राप्त अल्काराज ने फाइनल में जगह पक्की होने के बाद कहा,'इस तरह का मैच जीतना बहुत अच्छी बात नहीं है। लोरेंजो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं।' इस 22 साल के खिलाड़ी ने कहा, 'मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं और उनके जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं। उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही फिर से कोर्ट पर देख पाऊंगा।'

तीसरे सेट में मुसेटी ने कराया इलाज

मुसेटी ने तीसरे सेट के आखिर में बायीं जांघ का उपचार कराया। उन्होंने चौथे सेट की शुरुआत में भी उपचार लिया लेकिन इससे मदद नहीं मिली। तेईस वर्षीय मुसेटी तीसरे सेट के 16 मिनट बाद 5-0 से पीछे थे, जब उन्होंने ट्रेनर को बुलाया। अल्काराज ने अगले गेम में मुसेटी की सर्विस तोड़कर 21 मिनट में सेट जीत लिया। इस सेट में अल्काराज ने 29 में से 24 अंक जीते।

मुसेटी को हो रही थी कोर्ट में भागने में परेशानी

मुसेटी कोर्ट में दौड़ लगाने में काफी परेशानी हो रही थी। उन्होंने फिर से ट्रेनर को बुलाया। अल्काराज ने चोथे सेट में उनकी सर्विस तोड़कर 2-0 की बढ़त बना ली, जिसके बाद मुसेटी धीरे-धीरे नेट की ओर बढ़े और अल्काराज ने उन्हें गले लगाया। अल्काराज ने पहले सेट में 16 गलतियां की जिसे मुसेटी ने अपने नाम किया। अल्काराज ने कहा,'पहले दो सेट वाकई मुश्किल थे। जब मैंने दूसरा सेट जीता तो मुझे राहत मिली।' फाइनल में अल्काराज के सामने विश्व रैंकिंग के शीर्ष खिलाड़ी इटली के यानिक सिनर या 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन सर्बिया के नोवाक जोकोविच की चुनौती होगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article