स्पोर्ट्स

Best Goal Of FIFA World Cup 2026: केप वर्डे के सिडनी लोप्स का गोल चुना गया फीफा विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ गोल- देखिए VIDEO

Best Goal Of FIFA World Cup 2026: केप वर्डे के सिडनी लोप्स काब्राल का शानदार गोल सोमवार को फीफा विश्व कप 2026 का सर्वश्रेष्ठ गोल चुना गया। टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही अफ्रीक की इस टीम के इस खिलाड़ी ने सार्वजनिक मतदान में सबसे अधिक वोट हासिल किए।

Image

अर्जेंटीना के खिलाफ सिडनी लोप्स का गोल बना फीफा विश्व कप का सर्वश्रेष्ठ गोल (YouTube/FIFA)

केप वर्डे के सिडनी लोप्स काब्राल का शानदार गोल सोमवार को फीफा विश्व कप 2026 का सर्वश्रेष्ठ गोल चुना गया। टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही अफ्रीक की इस टीम के इस खिलाड़ी ने सार्वजनिक मतदान में सबसे अधिक वोट हासिल किए। काब्राल ने अर्जेंटीना के खिलाफ अंतिम 32 चरण के रोमांचक मुकाबले में अतिरिक्त समय के दौरान दूर के ऊपरी कोने में शानदार कर्लिंग शॉट लगाकर गोल दागा था। इस गोल से केप वर्डे ने स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया था। टीम हालांकि अंततः 3-2 से मुकाबला हार गई।

विश्व कप में हुए कुल 308 गोलों में काब्राल के इस गोल को सर्वश्रेष्ठ चुना गया। उन्होंने उज्बेकिस्तान के एल्डोर शोमुरोदोव के कांगो के खिलाफ किए गए शानदार लॉब और हैती के विल्सन इसिडोर के मोरक्को के खिलाफ शक्तिशाली शॉट से किए गए गोल को पीछे छोड़ा। फीफा ने सार्वजनिक मतदान के लिए 12 गोलों की शॉर्टलिस्ट जारी की थी, जिसके लिए सोमवार तक वोटिंग हुई।

काब्राल का जश्न भी विश्व कप की यादगार तस्वीरों में शामिल हो गया। गोल करने के बाद वह साथियों से बचते हुए स्टैंड में पहुंचे और अपनी प्रेमिका को गले लगाया। इसके बाद उन्होंने अपनी मां को ढूंढ़ा।

काब्राल ने कहा, "मैच से पहले मैंने अपनी मां और प्रेमिका से कहा था कि अगर मैं गोल करूंगा तो सबसे पहले उनके पास आऊंगा। जब मैं वहां पहुंचा तो देखा कि मेरी मां रो रही थीं। उन्हें तो यह भी पता नहीं चला कि मैं उनके पास आ चुका हूं, क्योंकि गोल होने की खुशी में वह सुध खो बैठी थीं और आसपास मौजूद लोग उन्हें संभालने में लगे थे।"

विश्व कप में पदार्पण करने वाली केप वर्डे ने अपने चार मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने अपने पहले मैच में गोलकीपर वोजिन्हा के बेहतरीन खेल की बदौलत बाद में चैंपियन बनी स्पेन को 0-0 की बराबरी पर रोककर सभी को चौंका दिया था।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें