स्पोर्ट्स

CAFA Nations Cup: भारत ने अफगानिस्तान से खेला ड्रॉ, तीसरे स्थान के प्ले ऑफ की दावेदारी बरकरार

भारतीय फुटबॉल टीम गुरुवार को सीएएफए नेशन्स कप में अफगानिस्तान के खिलाफ मौकों का फायदा उठाने में विफल रही और मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही।

Image

भारत बनाम अफगानिस्तान (फोटो क्रेडिट Indian Football Team X)

हिसोर (ताजिकिस्तान): भारतीय फुटबॉल टीम गुरुवार को सीएएफए नेशन्स कप में मौकों का फायदा उठाने में विफल रही और अफगानिस्तान ने उसे गोलरहित ड्रॉ पर रोक दिया। भारतीय टीम ने ग्रुप बी में अपने अभियान का अंत तीन मैच में चार अंक के साथ किया और अब टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिए ईरान और ताजिकिस्तान के बीच मैच के नतीजे का इंतजार है। ईरान से हारने और ताजिकिस्तान को हराने के बाद भारत अब भी दूसरे स्थान पर रह सकता है और आठ सितंबर को होने वाले तीसरे स्थान के मैच में अपनी जगह पक्की कर सकता है लेकिन इसके लिए उसे उम्मीद करनी होगी कि टूर्नामेंट का सह मेजबान ताजिकिस्तान ईरान के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाए। ताजिकिस्तान के भी तीन अंक हैं।

अफगानिस्तान ने की मैच में तेज शुरुआत

अफगानिस्तान ने मैच की आक्रामक शुरुआत की लेकिन भारत ने शुरुआती जवाबी हमलों में अधिक स्पष्ट मौके बनाए। पंद्रह मिनट के खेल के बाद आशिक कुरुनियन ने बाईं ओर से गेंद इरफान याडवाड के पास पहुंचाई लेकिन वह गोल करने में नाकाम रहे। भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने 24वें मिनट में अली रेजा पनाही लंबे शॉट पर शानदार बचाव किया। इसके कुछ मिनट बाद इरफान का शॉट भी गोल पोस्ट से बाहर चला गया। कुरुनियन 34वें मिनट में अफगानिस्तन के सेंटर-बैक महबूब हनीफी को छकाने में कामयाब रहे और बॉक्स के अंदर गेंद छीन ली। भारतीय खिलाड़ी को केवल गोलकीपर फैसल अहमद हमीदी को मात देनी थी लेकिन विरोधी गोलकीपर ने उनके प्रयास को विफल रह दिया। कुरुनियन को हमीदी से टकराने के कारण फाउल दिया गया।

कुरनियन रहे गोल करने में नाकाम

भारतीय टीम में पहली बार खेलने वाले जितिन एमएस ने मध्यांतर से पहले दाईं ओर से गेंद को कुरुनियन की ओर बढ़ाया लेकिन वह एक बार फिर गोल नहीं कर पाए।

जितिन पहले हाफ के इंजरी टाइम में भी मौके से चूक गए। मध्यांतर के बाद भारत ने खेल पर और नियंत्रण हासिल कर लिया। मुख्य कोच खालिद जमील ने मनवीर सिंह (जूनियर) और विक्रम प्रताप सिंह को मैदान में उतारा। दूसरे हाफ का पहला बड़ा मौका लगभग एक घंटे के खेल के बाद आया जब निखिल प्रभु ने गेंद जितिन की ओर बढ़ाई लेकिन वह गेंद तक नहीं पहुंच गए। जितिन का शॉट 66वें मिनट में भी गोल के ऊपर से बाहर निकल गया।

71वें मिनट में अफगानिस्तान ने गंवाया शानदार मौका

अफगानिस्तान को मैच का सबसे अच्छा मौका 71वें मिनट में मिला जब हुसैन जमानी ने दाईं ओर से यामा शेरजाद को गेंद दी लेकिन उनका शॉट गुरप्रीत के हाथ से छूने के बाद क्रॉस बार से टकराकर बाहर निकल गया। मैच के अंत में अफगानिस्तान ने तेजी दिखाई लेकिन भारत की रक्षापंक्ति ने धैर्य बरकरार रखते हुए मैच ड्रॉ करा दिया। भारत दोनों टीम के बीच हुए पिछले मुकाबले में मार्च 2024 में 2026 विश्व कप क्वालीफायर के दूसरे दौर के दौरान अफगानिस्तान से हार गया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article