गुवाहाटी: तन्वी शर्मा बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर बैडमिंटन चैम्पियनशिप में पदक पक्का करने वाली 17 साल में पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई जिन्होंने एक गेम में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जापान की साकी मत्सुमोतो को हराकर महिला एकल सेमीफाइनल में जगह बनाई। सोलह वर्ष की तन्वी शर्मा ने मत्सुमोतो को 47 मिनट तक चले सेमीफाइनल में 13-15, 15-9, 15-10 से हराया।
उन्नति हुड्डा पदक से चूकीं
वहीं आठवीं वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा दूसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की अन्यापत फिचित्फोन से 12-15, 13-15 से हारकर बाहर हो गई। उन्नति ओडिशा ओपन सुपर 100 खिताब जीतने वाली सबसे युवा भारतीय बनी थी और भारत की 2022 उबेर कप टीम का भी हिस्सा थी। भारत की भव्या छाबड़ा और विशाखा टोप्पो की जोड़ी चीनी ताइपै के हुंग बिंग फू और चोउ युन अन से 9-15 , 7-15 से हारकर बाहर हो गई।
बनीं पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय
आखिरी बार विश्व जूनियर चैम्पियनशिप पदक जीतने वाली भारत की महिला खिलाड़ी साइना नेहवाल थी जिन्होंने 2008 में पुणे में स्वर्ण पदक जीता था। साइना ने 2006 में रजत पदक जीता था जबकि अर्पणा पोपट ने 1996 में रजत पदक हासिल किया था।लड़कों के एकल क्वार्टर फाइनल में ज्ञान दत्तू को चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त लियू यांग मिंग यू ने 15-11, 15-13 से हराया।
(भाषा)
