स्पोर्ट्स

BWF Super 1000 China Open 2025: सेमीफाइनल में पहुंची सात्विक-चिराग की जोड़ी,यामागुची से हारकर बाहर हुईं उन्नति

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की शीर्ष भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने चाइना ओपन सुपर सीरीज के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं उन्नती हुड्डा का शानदार सफर क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया।

Image

सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी (फोटो क्रेडिट @Media_SAI)

चांग्झू (चीन): सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारत की शीर्ष भारतीय पुरुष युगल जोड़ी ने शुक्रवार को चाइना ओपन सुपर 1000 के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, लेकिन उभरती बैडमिंटन स्टार उन्नती हुड्डा का शानदार सफर समाप्त हो गया। एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के यू सिन ओंग और ई यी तेओ को 40 मिनट में 21-18, 21-14 से आसानी से हरा दिया। इस जीत के साथ सात्विक-चिराग का मलेशिया की जोड़ी के खिलाफ 7-3 का जीत हार का रिकॉर्ड हो गया है।

आरोन चिया-सोह वूई यिक की जोड़ी से होगी सेमीफाइनल में भिड़ंत

सात्विक और चिराग के सामने अंतिम चार चरण में मलेशिया की दुनिया की नंबर दो जोड़ी आरोन चिया-सोह वूई यिक की चुनौती होगी। इससे पहले उन्नति को क्वार्टर फाइनल में जापान की विश्व की चौथे नंबर की खिलाड़ी अकाने यामागुची से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा। पिछले दौर में अपनी आदर्श खिलाड़ी और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू को हराने वाली 17 वर्षीय उन्नति क्वार्टर फाइनल में जापान की खिलाड़ी से 33 मिनट तक चले मैच में 16-21, 12-21 से हार गईं। उनके बाहर होने के साथ ही टूर्नामेंट में भारत का एकल में अभियान समाप्त हो गया।

अपनी लय बरकरार नहीं रख पाईं उन्नति

उन्नति ने शुरुआती गेम में यामागुची को बराबर की टक्कर दी लेकिन वह अपनी लय बरकरार नहीं रख पाई और जापान की खिलाड़ी ने लगातार पांच अंक बनाकर यह गेम अपने नाम कर दिया। इस गेम में हुड्डा का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लगातार तीन अंक लेना था। दूसरे गेम में भी यही कहानी दोहराई गई। भारतीय खिलाड़ी ने बीच में थोड़ी देर के लिए चुनौती पेश की और लगातार चार अंक हासिल किए लेकिन यामागुची ने लगातार छह अंक बनाकर दूसरा गेम 21-12 से अपने नाम करके सेमीफाइनल में जगह बनाई।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article