शहर

Haryana: पैरोल पर शादी करने पहुंचा गैंगस्टर मैनपाल बादली, झज्जर के दुलीना फार्म में भारी पुलिस बल तैनात

हरियाणा के झज्जर में 3 हत्याओं में उम्रकैद की सजा काट रहे गैंगस्टर मैनपाल बादली ने 12 घंटे की कस्टडी पेरोल पर अपनी कंबोडियाई प्रेमिका मेटा चान से शादी करने वाला है। रात 8 बजे तक इसे फिर हिरासत में जाना है।

Image

गैंगस्टर मैनपाल बादली की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Haryana: झज्जर जिले के दुलीना फार्म में गुरुवार को एक अनोखी शादी हो रही है। तीन हत्याओं के मामलों में हिसार सेंट्रल जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा 50 वर्षीय गैंगस्टर मैनपाल ढिल्लों उर्फ मैनपाल बादली अपनी कंबोडियाई साथी मेटा चान (Meta Chan) के साथ विवाह करने वाला है। हाईकोर्ट से मिली महज 12 घंटे की कस्टडी पेरोल के दौरान भारी पुलिस सुरक्षा और हथियारों से लैस जवानों के घेरे में मैनपाल शादी के मंडप तक पहुंचा।

4 बच्चों के साथ भारत पहुंची दुल्हन

मैनपाल और उसकी कंबोडियाई प्रेमिका मेटा चान की शादी झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर स्थित दुलीना फार्म में पूरी तरह हिंदू रीति-रिवाज से होगी। शादी में शामिल होने के लिए दुल्हन मेटा चान और उनका परिवार पहले ही झज्जर पहुंच चुका था। दिलचस्प बात यह है कि कंबोडिया में रहने के दौरान दोनों के रिश्ते की शुरुआत हुई थी। पहले मीडिया रिपोर्ट्स में तीन बच्चों का जिक्र था, लेकिन इस शादी समारोह में दुल्हन अपने चारों बच्चों के साथ भारत पहुंची।

पेरोल जंप से लेकर कंबोडिया में बिजनेस और 'इंटरपोल रेड नोटिस' तक

मैनपाल बादली का आपराधिक इतिहास बेहद फिल्मी रहा है। झज्जर के बादली गांव का रहने वाला मैनपाल वर्ष 2000 से जरायम की दुनिया में सक्रिय है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, आपराधिक साजिश और अवैध हथियार रखने समेत करीब 22 मामले दर्ज हैं। 2018 में हिसार जेल से 6 हफ्ते की पेरोल मिलने के बाद वह फरार हो गया। इसके बाद जुलाई 2019 में फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाकर वह सीअम रीप (कंबोडिया) भाग गया, जहां उसने अपना नया बिजनेस शुरू किया और मेटा चान के साथ रहने लगा। हरियाणा पुलिस ने उस पर इनाम घोषित किया था। 6 नवंबर 2024 को जारी इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस के बाद कंबोडियाई अथॉरिटी ने 24 जुलाई 2025 को उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद 2 सितंबर 2025 को उसे भारत प्रत्यर्पित किया गया, जहां हरियाणा STF ने उसे कस्टडी में ले लिया था। शादी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना या गैंगस्टर के भागने की आशंका को देखते हुए झज्जर पुलिस ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। रात 8 बजे पेरोल की अवधि समाप्त होने से पहले पुलिस टीम मैनपाल को दोबारा सुरक्षित हिसार जेल वापस ले जाएगी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article