इंडियन वेल्स (अमेरिका)। भारत के युकी भांबरी ने स्वीडन के अपने साथी आंद्रे गोरानसन के साथ मिलकर बीएनपी परिबास इंडियन वेल्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मेंस युगल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह पहला अवसर है जब भांबरी किसी एटीपी मास्टर्स 1000 टेनिस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं। इससे पहले वह दो बार मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल तक पहुंच चुके थे।
भांबरी और गोरानसन ने क्वार्टर फाइनल में ऑस्ट्रिया के एलेक्जेंडर एरलर और इटली के एंड्रिया वावस्सौरी को सीधे सेटों में 6-3, 7-6 से हराया। यह मैच एक घंटे 30 मिनट से अधिक समय तक चला। भारत और स्वीडन की जोड़ी ने अपनी पहली सर्विस पर दबदबा बनाए रखा और इस पर 83 प्रतिशत अंक (35 में से 29) जीते। इससे उन्हें दूसरे सेट में टाई-ब्रेक और मैच जीतने में मदद मिली।
रूसी जोड़ी को हराया
भांबरी और गोरानसन शुक्रवार को सेमीफाइनल में फ्रांस के आर्थर रिंडरकनेच और मोनाको के वैलेंटीन वाचेरोट से भिड़ेंगे। रिंडरकनेच और वाचेरोट ने क्वार्टरफाइनल में आंद्रे रुबलेव और करेन खाचानोव की रूसी जोड़ी को 6-3 6-4 से हराया।
जैक ड्रेपर ने नोवाक जोकोविच को हराया
वहीं, एक अन्य मुकाबले में मौजूदा चैंपियन जैक ड्रेपर ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके बीएनपी पारिबास ओपन टेनिस टूर्नामेंट के चौथे दौर में पांच बार के चैंपियन नोवाक जोकोविच को 4-6, 6-4, 7-6 (5) से हराया। हाथ की चोट के कारण आठ महीने तक बाहर रहने के बाद वापसी करने वाले 24 वर्षीय ड्रेपर इस जीत से क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं जहां उनका मुकाबला दानिल मेदवेदेव से होगा। मेदवेदेव ने एक अन्य मैच में एलेक्स मिशेलसन को 6-2, 6-4 से पराजित किया।
ऑस्ट्रेलियन ओपन हार चुके हैं जोकोविच
तीसरे सेट में जोकोविच 6-5 से आगे थे, लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा पाए और ड्रेपर ने वापसी करते हुए मैच को टाईब्रेकर तक पहुंचा दिया था। रिकॉर्ड 24 बार ग्रैंड स्लैम चैंपियन 38 वर्षीय जोकोविच ने 2008, 2011, 2014, 2015 और 2016 में इंडियन वेल्स में खिताब जीता था। जोकोविच इस साल की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई ओपन में अपना 11वां खिताब जीतने के करीब पहुंच गए थे, लेकिन फाइनल में कार्लोस अल्काराज से हार गए थे।
