Youri Tielemans' FIFA World Cup Record: फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मैच में बेल्जियम ने सेनेगल को एक्स्ट्रा टाइम के बाद 3-2 से हराकर शानदार वापसी की। इस मैच में 124वें मिनट और 44वें सेकंड में यूरी टिलेमैन्स की मैच जिताऊ पेनल्टी ने गेम के आखिर में गोल करने के पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए और यह FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे देर से किया गया गोल बन गया।
लेस्टर सिटी के पूर्व मिडफील्डर ने पेनल्टी स्पॉट से गोल किया। VAR रिव्यू में लामिन कमारा द्वारा टिलेमैन्स पर फाउल के लिए बेल्जियम को पेनल्टी मिली थी। इस गोल ने टूर्नामेंट की सबसे रोमांचक जीतों में से एक को पक्का किया और वर्ल्ड कप के रिकॉर्ड बुक में नया इतिहास लिखा।
बेल्जियम ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की; वे FIFA वर्ल्ड कप के इतिहास में रेगुलर टाइम में दो गोल से पिछड़ने के बाद वापसी करने वाली टीम बन गए। 'रेड डेविल्स' 85वें मिनट तक 2-0 से पीछे थे, जिसके बाद उन्होंने शानदार वापसी की। वर्ल्ड कप में निर्धारित टाइम में दो या उससे ज़्यादा गोल से पीछे रहने के बावजूद हार से बचने का यह सबसे देर से किया गया कारनामा था।
सेनेगल मैच के ज़्यादातर समय पूरी तरह कंट्रोल में दिख रहा था। सादियो माने के क्रॉस के बाद इस्माइला सार का शॉट पोस्ट से टकराकर वापस आया, जिस पर हबीब डियारा ने सबसे तेज़ी से रिएक्ट करते हुए गोल किया। इसके बाद सार ने दूसरे हाफ की शुरुआत में एक लंबी बॉल पर तेज़ी से दौड़ते हुए थिबाउट कोर्टुआ के खिलाफ़ आसानी से गोल करके बढ़त को दोगुना कर दिया।
सार का यह गोल टूर्नामेंट में उनका चौथा गोल था, जिससे उन्होंने एक ही FIFA वर्ल्ड कप में किसी अफ्रीकी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज़्यादा गोल करने के रोजर मिला के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
बेल्जियम की वापसी सब्स्टिट्यूट रोमेलु लुकाकू के ज़रिए शुरू हुई, जिन्होंने थॉमस मुनियर की डिलीवरी के बाद करीब से गोल किया। इसके बाद टिलेमैन्स ने लिएंड्रो ट्रॉसार्ड के क्रॉस पर हेडर से गोल करके मैच को एक्स्ट्रा टाइम में पहुँचाया और फिर अपनी रिकॉर्ड-ब्रेकिंग पेनल्टी से मैच का पासा पलट दिया।
ट्रॉसार्ड ने टूर्नामेंट के लीडिंग क्रिएटर के तौर पर भी अपनी दावेदारी मज़बूत की। बराबरी का गोल करने में मदद (असिस्ट) करने के साथ ही 2026 FIFA वर्ल्ड कप में उनके बनाए गए मौकों (चांसेस) की संख्या 16 हो गई, जो इस प्रतियोगिता में किसी भी अन्य खिलाड़ी से ज़्यादा है।
हार के बावजूद, सेनेगल ने भी एक अहम उपलब्धि हासिल की; वे FIFA वर्ल्ड कप के एक ही एडिशन में 10 गोल करने वाले पहले अफ्रीकी देश बन गए। बेल्जियम की जीत ने उनके लगातार 17 मैचों में बिना हारे रहने का सिलसिला जारी रखा और उन्हें 'राउंड ऑफ़ 16' में पहुँचा दिया, जहां उनका मुक़ाबला यूनाइटेड स्टेट्स और बोस्निया-हर्ज़ेगोविना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा; वहीं सेनेगल का यादगार सफ़र बेहद दुखद अंदाज़ में खत्म हुआ।
