स्पोर्ट्स

Asian Games Hockey: इंडोनेशिया को 13-1 से हराने के बाद अब भारतीय हॉकी टीम श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत के इरादे से उतरेगी

Asian Games 2026, India vs Sri Lanka Hockey: इंडोनेशिया के खिलाफ एशियन गेम्स के पहले हॉकी मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 13-1 की ऐतिहासिक जीत दर्ज की। अब मंगलवार को दूसरे मैच में भारत का सामना श्रीलंका से होने वाला है।

Image

भारत और श्रीलंका के बीच मंगलवार को एशियन गेम्स हॉकी मैच (X/HockeyIndia)

शानदार शुरुआत करने वाली गत चैंपियन भारतीय टीम मंगलवार को एशियाई खेलों की पुरुष हॉकी स्पर्धा के पूल ए के अपने दूसरे मुकाबले में निचली रैंकिंग वाली श्रीलंका के खिलाफ एक और दमदार प्रदर्शन के साथ बड़ी जीत दर्ज करने के इरादे से उतरेगी। भारत-श्रीलंका हॉकी मैच भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 3:30 बजे से होगा। गत चैंपियन भारत ने रविवार को कमजोर मानी जा रही इंडोनेशियाई टीम को 13-1 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की थी। ऐसे में मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ भी भारतीय टीम से एकतरफा जीत की उम्मीद है। इंडोनेशिया के खिलाफ भारत की जीत में आठ खिलाड़ियों ने गोल किए थे। इनमें फारवर्ड दिलप्रीत सिंह चार मैदानी गोल के साथ सबसे आगे रहे। भारत की 13-1 की जीत में सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि उसने 10 मैदानी गोल दागे।

दिलप्रीत, सुखजीत, अनुभवी मनदीप सिंह, अभिषेक, शिलानंद लाकड़ा और राजिंदर सिंह ने तालमेल के साथ मौके बनाए और उन्हें गोल में तब्दील कर भारतीय आक्रमण को बेहद प्रभावी साबित किया। पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह और जुगराज सिंह ने जिम्मेदारी संभाली। प्रतियोगिता के आगे बढ़ने के साथ दोनों से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

श्रीलंका के खिलाफ मुकाबला भारतीय टीम के लिए अपेक्षाकृत आसान माना जा रहा है और मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन इस मैच में अपने सभी खिलाड़ियों को आजमाना चाहेंगे। इसके बाद पूल चरण में दक्षिण कोरिया और जापान के खिलाफ भारत को कड़ी चुनौती का सामना करना है।

हालांकि फुल्टोन के लिए एक चिंता का विषय यह हो सकता है कि इंडोनेशिया के खिलाफ भारतीय डिफेंस की ज्यादा परीक्षा नहीं हुई थी। श्रीलंका के खिलाफ भी ऐसा ही होने की संभावना है। कोच इस बात से पूरी तरह वाकिफ होंगे और जापान तथा दक्षिण कोरिया के खिलाफ मुकाबलों से पहले डिफेंस की तैयारियों को परखना चाहेंगे।

लॉस एंजिलिस 2028 ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने के बड़े लक्ष्य के अलावा एशियाई खेल भारतीय टीम के लिए हालिया विश्व कप के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद आलोचकों को जवाब देने का भी अवसर हैं। विश्व कप में भारत आठवें स्थान पर रहा था।

फुल्टोन एशियाई खेलों में टीम की शुरुआत से खुश हैं लेकिन उन्होंने कहा कि आगे सुधार की गुंजाइश है। इंडोनेशिया के खिलाफ जीत के बाद इस दक्षिण अफ्रीकी कोच ने कहा, "पहले मैच से खुश हूं। मुझे लगता है कि लड़कों ने चारों क्वार्टर में अच्छा प्रदर्शन किया। यह आसान मैच नहीं था। हमारे लिए कुछ चरण अच्छे रहे लेकिन निश्चित रूप से सुधार की गुंजाइश है और हम श्रीलंका के खिलाफ मैच में इसी पर ध्यान देंगे।"

उन्होंने कहा, "मैं खुश हूं कि तीन अंक मिले और अच्छी शुरुआत हुई लेकिन जाहिर तौर पर कुछ क्षेत्रों में सुधार की जरूरत है।" श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले के बाद भारत की असली परीक्षा शुरू होगी। हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम को 24 सितंबर को दक्षिण कोरिया और 26 सितंबर को मेजबान जापान का सामना करना है। इन दोनों अहम मुकाबलों से पहले भारतीय टीम अपनी कमियों को दूर करना चाहेगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article