स्पोर्ट्स

Asian Champions Trophy: विजय रथ पर सवार भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान को रौंदा, ग्रुप दौर में रही अजेय

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में 2-1 के अंतर से मात दी। भारतीय टीम ग्रुप दौर में अजेय रही और पांच में से पांच मैच में जीत दर्ज करके सेमीफाइनल में पहुंची है।

Image

भारतीय हॉकी टीम बनाम पाकिस्तान हॉकी टीम (साभार Asian Hockey Federation)

India vs Pakistan Hockey Match: पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में अपना विजय अभियान चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ भी जारी रखा। पाकिस्तान को भारतीय टीम ने 2-1 के अंतर से मात देकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और अंक तालिका में टॉप पर रहते हुए ग्रुप दौर का अंत किया। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में अपनी तीसरी जीत के साथ ही प्रवेश कर लिया था। इसके बाद भी हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने जीत का सिलसिला जारी रखा। पाकिस्तान के खिलाफ भारत के लिए दो गोल कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने (13', 19') मिनट मे किए। वहीं पाकिस्तान के लिए एकलौता गोल नदीम अहमद (8') में किया।

1-1 से बराबर रहा मैच का पहला क्वार्टर

भारतीय टीम के खिलाफ पाकिस्तान ने शानदार शुरुआत की और मैच के 8वें मिनट में फील्ड गोल करके 0-1 की बढ़त हासिल कर ली। पाकिस्तान के लिए गोल 8वें मिनट में नदीम अहमद ने किया। 0-1 से पिछड़ने के बाद भारतीय टीम को 5 मिनट बाद बराबरी पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पहुंचा दिया। पहले क्वार्टर के 13वें मिनट में हाथ आए पेनल्टीकॉर्नर को हरमनप्रीत ने गोल में तब्दील कर दिया और इसके बाद पहले क्वार्टर का अंत 1-1 की बराबरी के साथ हुआ।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने बनाई 2-1 की बढ़त

भारत पाकिस्तान के बीच 1-1 की बराबरी के साथ दूसरे क्वार्टर की शुरुआत हुई। ऐसे में भारतीय टीम को मैच के 19वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीच सिंह ने एक और पेनल्टीकॉर्नर को गोल में तब्दील करके 2-1 की बढ़त दिला दी। सेकेंड क्वार्टर का अंत भारतीय टीम की 2-1 से बढ़त के साथ हुआ।

तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तान को मिले चार पेनल्टीकॉर्नर

तीसरे क्वार्टर में पाकिस्तानी टीम ने बराबरी की पुरजोर कोशिश की। तीसरे क्वार्टर के पहले 10 मिनट में पाकिस्तान को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन दोनों ही बार पाकिस्तानी टीम भारतीय गोल पोस्ट को भेदने में नाकाम रही। पाठक ने पाकिस्तान की दोनों कोशिशों को नाकाम कर दिया। इसके बाद भी पाकिस्तानी टीम शांत नहीं बैठी और भारतीय गोल पोस्ट को भेदने की कोशिश में जुटी रही। पाकिस्तान को 11वें और 14वें मिनट में भी पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन वो उन्हें भी गोल में तब्दील नहीं कर सका। इस तरह तीसरे क्वार्टर का अंत भी भारत की 2-1 की बढ़त के साथ हुआ।

चौथे क्वार्टर में भी नहीं हुआ कोई गोल

मैच के चौथे क्वार्टर में भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की और गेंद को अपने पास रखते हुए पाकिस्तानी गोल पोस्ट पर लगातार हमला किया। चौथे क्वार्टर के चौथे मिनट में ही भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले। जिसे कप्तान हरमनप्रीत और जुगराज गोल में तब्दील नहीं कर सके। पाकिस्तान ने शानदार तरीके से बचाव किया। लेकिन इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी राना वहीद को यलो कार्ड मिला और पाकिस्तान को 10 खिलाड़ियों के साथ आखिरी 10 मिनट खेलना पड़ा। भारतीय टीम को भी आखिरी पांच मिनट में मनप्रीत सिंह को गंवाना पड़ा और इसके साथ दोनों टीमें 10-10 खिलाड़ियों की बराबरी पर आ गईं। मैच के खत्म होने से डेढ़ मिनट पहले भारतीय टीम को पेनल्टीकॉर्नर मिला लेकिन वो गोल में तब्दील नहीं हो सका।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article