World Athletics U20 Championships: भारत के 19 साल के आशीष यादव ने वर्ल्ड एथलेटिक्स U20 चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर 10 साल का सूखा खत्म किया है। नीरज चोपड़ा के 2016 में गोल्ड जीतने के बाद ये पहली बार है जब किसी भारतीय ने जूनियर वर्ल्ड में जेवलिन में पोडियम पर जगह बनाई है। अमेरिका के यूजीन में चल रही चैंपियनशिप के तीसरे दिन आशीष ने भारत का खाता खोला। फाइनल में उन्होंने तीसरे प्रयास में 74.09 मीटर भाला फेंका और सिल्वर पक्का कर लिया। उनका ये थ्रो ही दिन का सबसे अहम पल बन गया। इस स्पर्धा में भारत का दूसरा नाम टी धरणीधरन का रहा। वो 72.35 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे। लेकिन सुर्खियां आशीष यादव के नाम रहीं।
नीरज के बाद दूसरा नाम
साल 2016 में पोलैंड के बायडगोस्ज में नीरज चोपड़ा ने 86.48 मीटर का वर्ल्ड जूनियर रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड जीता था। वो रिकॉर्ड आज भी नहीं टूटा है। तब से फैंस को दूसरे 'नीरज' का इंतजार था। अब 10 साल बाद आशीष यादव ने उस गैप को भर दिया है। वो अब नीरज के बाद वर्ल्ड U20 में जेवलिन में मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय हैं। गोल्ड साउथ अफ्रीका के जान-हेंड्रिक हेमन्स को मिला। उन्होंने आखिरी प्रयास में 80.50 मीटर का थ्रो किया। ये इस साल का U20 वर्ल्ड लीड भी है।
आशीष यादव का बड़े मंच पर जलवा
पिछले 10 साल में भारत में जेवलिन सबसे मजबूत इवेंट बनकर उभरा है और इसकी वजह नीरज चोपड़ा की सफलता है। आशीष ने दबाव में तीसरे राउंड में बेस्ट थ्रो किया, जो यह बताता है कि वो बड़े मौकों के खिलाड़ी हैं। भारत के लिए आशीष के अलावा 400 मीटर में मोहम्मद अशफाक ने 45.81 सेकेंड के साथ अपना ही नेशनल U20 रिकॉर्ड तोड़ा और सेमीफाइनल में जगह बनाई। पहले उनका रिकॉर्ड 46.05 सेकेंड था। महिलाओं की डिस्कस में अमनत कम्बोज ने 53.24 मीटर के पर्सनल बेस्ट के साथ छठा स्थान हासिल किया। हाई जंप में बसंत ने 2.14 मीटर क्लियर कर फाइनल में एंट्री ली।
