VIDEO: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की फिटनेस का जवाब नहीं, काफी देर तक रस्सी कूदे और दिया फिट रहने का मंत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 29, 2021, 04:42 PM IST

Anurag Thakur Launches Fit India Mobile App: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘फिट इंडिया' मोबाइल ऐप लॉन्च किया। वह इस मौके पर रस्सी कूदे।

VIDEO: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर की फिटनेस का जवाब नहीं, काफी देर तक रस्सी कूदे और दिया फिट रहने का मंत्र
Photo Credit: Instagram

नई दिल्ली: देश में रविवार को राष्ट्रीय खेल दिवस 2021 मनाया जा रहा है। राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के रूप में मनाया जाता है। आज फिट इंडिया’ कार्यक्रम की दूसरी वर्षगांठ भी है। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने फिटनेस मार्गदर्शन करने वाले ‘फिट इंडिया’ मोबाइल ऐप को लॉन्च किया। यह लॉन्चिंग मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में की गई। अनुराग इस दौरान अपनी फिटनेस दिखाई। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के सामने काफी देर तक रस्सी कूदी। लोगों ने तालियां बजाकर खेल मंत्री की हौसलाफजाई की।

अनुराग ठाकुर ने दिया फिट रहने का मंत्र

अनुराग ठाकुर ने कहा कि फिट इंडिया’ मोबाइल ऐप बिलकुल फ्री है, जो फिटनेस की देखभाग में मददगार साबित होगा। उन्होंने साथ ही एक स्लोगन भी दिया- फिटनेस का डोज, आधा घंटा रोज। खेल मंत्री ने कहा कि फिट रहने के लिए यह ऐप बहुत जरूरी है। यह नए, युवा भारत को फिट रखने का एक प्रयास है क्योंकि एक फिट युवा ही एक महान भारत बना सकता है। ठाकुर ने कहा कि यह ऐप राष्ट्रीय खेल दिवस पर भारत के लोगों के लिए सरकार की ओर से एक उपहार है। ठाकुर ने कहा कि फिट इंडिया ऐप मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि है, जो देश के खिलाड़ियों के नायक हैं।

'फिट इंडिया’ कार्यक्रम में टोक्यो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने भी ऑनलाइन शिरकत की। मनप्रीत ने ऐप को सपोर्ट करते हुए कहा, 'हम फिटनेस को पर्याप्त महत्व नहीं देते। हमें फिटनेस के लिए एक दिन में अपने समय का सिर्फ आधा घंटा समर्पित करने की आवश्यकता है। यह ऐप मजेदार और मुफ्त है और इससे कोई भी कहीं भी अपनी फिटनेस का परीक्षण और निगरानी कर सकता है।' उन्होंने बताया, 'यह ऐप बहुत मददगार और उपयोग में आसान है। मैं पहले से ही इसका इस्तेमाल कर रहा हूं और मुझे उम्मीद है कि यह मेरी फिटनेस को और बेहतर बनाने में मेरी मदद करेगा।'

End of Article