Commonwealth Games 2022: दूसरे दिन भारोत्तोलकों ने लगाया पदकों का चौका, मीराबाई ने जीता पहला गोल्ड-अन्य का ऐसा रहा हाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 31, 2022, 07:30 AM IST

CWG 2022 day Two India's Performence: भारतीय दल के लिए 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरा दिन बेहद शानदार रहा। भारत ने आज ही अपना पदकों का खाता खोला और एक स्वर्ण सहित कुल चार पदक अपने नाम किए। 

Commonwealth Games 2022: दूसरे दिन भारोत्तोलकों ने लगाया पदकों का चौका, मीराबाई ने जीता पहला गोल्ड-अन्य का ऐसा रहा हाल

बर्मिंघम: भारतीय दल के लिए 22वें राष्ट्रमंडल खेलों का दूसरे दिन बेहद शानदार रहा। भारत को दूसरे दिन चार मेडल मिले ये सभी मेडल भारोत्तोलन में आए। जिसमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल था। पुरुषों के 55 किलो वर्ग का रजत पदक संकेत सरगर ने अपने नाम किया। इसके बाद गुरुराज पुजारी ने पुरुषों के 61 किलो भारवर्ग में कांस्य पदक जीतकर पदकों की संख्या को दो कर दिया। लेकिन दिन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मीराबाई चानू ने किया और स्वर्णपदक कुल 201 किग्रा उठाकर अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे दिन के खेल का अंत भारत ने महिलाओं की 55 किग्रा भारोत्तलन स्पर्धा में बिंद्यारानी देवी ने किया। उन्होंने कुल 202 किग्रा भार उठाया। 

भारोत्तोलन(महिला) 
49 किग्रा भारवर्ग: मीराबाई चानू(गोल्ड)
55 किग्रा भारवर्ग: बिंद्यारानी देवी(रजत)
55 किलो वर्ग: संकेत सरगर( रजत)
61 किलो वर्ग: गुरुराज पुजारी( कांस्य)



हॉकी(महिला):
भारतीय महिला हॉकी टीम ने शनिवार को पूल ए के अपने दूसरे मुकाबले में वेल्स की टीम को 3-1 के अंतर से मात दी। यह भारत की लगातार दूसरी जीत है। भारत ने घाना को 5-0 से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की थी। भारत के लिए वंदना कटारिया ने 26वें और 48वें मिनट में दो गोल दागे। गुरजीत कौर ने 28वें मिनट में एक गोल किया।

तैराकी: 
100 मीटर बैक स्ट्रोक फाइनल में भारत के श्रीहरि नटराज सातवें स्थान पर रहे उन्होंने 54.31 मिनट में ये दूरी तय की।  

टेबल टेनिस: 
मनिका बत्रा की अगुआई वाली महिला टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में मलेशिया के खिलाफ 2-3 की शिकस्त के साथ राष्ट्रमंडल खेलों की टीम स्पर्धा से बाहर हो गई। ग्रुप चरण के मैच में आसान जीत दर्ज करने के बाद भारतीय महिला टीम को अंतिम आठ के मुकाबलों में मलेशिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। वहीं पुरुष टीम ने ग्रुप तीन के मुकाबले में उत्तरी आयरलैंड को इसी अंतर से मात दी।

बॉक्सिंग: 
हैवीवेट (पुरुष): हैवीवेट संजीत कुमार को सैम फाओगाली के खिलाफ 2-3 के अंतर से पराजित होना पड़ा। कड़े मुकाबले में हार जीत का फैसला स्पिलिट डिसीजन से हुआ। पांचवें राउंड में संजीत को ज्यादा डिफेंस का खामियाजा उठाना पड़ा। 

महिला(70 किग्रा): भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन (70 किग्रा) ने महिला लाइट मिडिलवेट वर्ग स्पर्धा में अरियाना निकोलसन पर 5-0 की आसान जीत से क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। लवलीना का सामना अब क्वार्टरफाइनल में वेल्स की रोसी एसेल्स से होगा।

फेदरवेट (57 किलो) पुरुष:  मोहम्मद हसमुद्दीन फेदरवेट (57 किलो) स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के एमजोलेले डी को 5-0 से हराया। पिछली बार 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतने वाले हसमुद्दीन का अब सामना बांग्लादेश के मोहम्मद सलीम हुसैन से होगा ।

स्क्वाश:
भारत के दिग्गज स्क्वाश खिलाड़ियों जोशना चिनप्पा और सौरव घोषाल ने अपने अपने मुकाबलों में आसान जीत के साथ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों की क्रमश: महिला और पुरुष एकल स्पर्धा के राउंड आफ 16 में जगह बनाई। जोशना ने बारबडोस की मीगन बेस्ट को हराया। सौरव घोषाल को हालांकि श्रीलंका के शामिल वकील को दी मात।

मैराथन:
भारत के नितेंद्र सिंह रावत राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की मैराथन में 12वें स्थान पर रहे । रावत ने मैराथन पूरी करने में दो घंटे 19 मिनट और 22 सेकंड का समय लिया। युगांडा के विक्टर के ने दो घंटे 10 मिनट और 55 सेकंड में रेस जीती। तंजानिया के फेलिक्स सिंबू दूसरे और कीनिया के माइकल मुगो जी तीसरे स्थान पर रहे।

बैडमिंटन:
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए 22वें राष्ट्रमंडल खेलों की मिश्रित टीम स्पर्धा में शनिवार को ग्रुप ए के दूसरे मैच में श्रीलंका को 3-0 से हराया ।
 

End of Article