Commonwealth Games 2022: भारत ने लॉन बॉल्स में रचा इतिहास, पहली बार मेडल पर किया कब्जा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 1, 2022, 05:34 PM IST

India secures medal in lawn bowls in CWG 2022: भारत ने कॉमनवेल्थ गेम्स में लॉन्स बॉल्स में पहली बार मेडल अपने नाम किया है। लॉन्स बॉल्स में भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन किया।

Commonwealth Games 2022: भारत ने लॉन बॉल्स में रचा इतिहास, पहली बार मेडल पर किया कब्जा
Photo Credit: Twitter

भारत का बर्मिंघम में खेले जा रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में धमाल जारी है। भारत के मेडल की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। खेलों के चौथे दिन भारत ने लॉन्स बॉल्स में बड़ा इतिहास रच दिया। दरअसल, लॉन्स बॉल्स में भारतीय महिला टीम ने सोमवार को सिल्वर पर कब्जा कर लिया, जो उसका कॉमनवेल्थ गेम्स में इस प्रतियोगिता में पहला पदक है। भारतीय टीम ने विमेन्स फोर ग्रुप के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड 16-13 से धूल चटाई। सिल्वर पक्का करने के बाद भारतीय खिलाड़ियों की निगाह अब फाइनल में गोल्ड पर होगी।

फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से टक्कर

भारतीय महिला लॉन्स बॉल्स की टीम स्वर्ण पदक हासिल करने की आसान नहीं होने वाली, क्योंकि उसकी टक्कर दक्षिण अफ्रीका से होगी। भारतीय महिला फोर्स टीम मंगलवार को स्वर्ण पदक के मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगी। भारतीय टीम पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में महिला फोर्स प्रारूप के फाइनल में पहुंची है। वैसे, अगर भारत के सेमीफाइनल के प्रदर्शन को देखा जाए तो फाइनल के रोमांचक होने की उम्मीद है।

भारतीय टीम सेमीफाइनल में शुरुआत में छाप नहीं छोड़ पाई मगर उसके बाद अच्छी बढ़त बनाई। नौवें चरण के बाद दोनों टीम 7-7 से बराबरी थीं जबकि 10वें चरण के बाद भारत ने 10-7 की बढ़त बना ली। इस करीबी मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम 14वें चरण के बाद 13-12 की मामूली बढ़त बनाने में सफल रही। मुकाबले में लवली चौबे (लीड), पिंकी (सेकेंड), नयनमोनी सेकिया (थर्ड) और रूपा रानी टिर्की (स्किप) ने प्रभावी प्रदर्शन करते हुए भारत को जीत की मंजिल तक पहुंचाया।  

पदक तालिका में छठे स्थान पर भारत

भारत फिलहाल कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की पदक तालिका में छठे स्थान पर है। भारत ने अब तक 7 मेडल अपने नाम किए। लॉन्स बॉल्स को छोड़कर भारत ने अन्य सभी पदक वेटलिफ्टिंग में जीते हैं। भारत ने वेटलिफ्टिंग में तीन गोल्ड, दो सिल्वर और एक ब्रॉन्च हासिल किया। वहीं, तालिका में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसके खाते में 50 से ज्यादा मेडल हैं। इंग्लैंड (35) दूसरे नंबर और न्यूजीलैंड (19) तीसरे पायदान पर काबिज है।

End of Article