Commonwealth Games 2022: एल्डोस पॉल ने ट्रिपल जंप में रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला गोल्ड मेडल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 7, 2022, 05:17 PM IST

Eldhose Paul in Commonwealth Games 2022: एल्डोस पॉल ने रविवार को ट्रिपल जंप में कमाल कर दिया। उन्होंने गोल्ड जीतकर इतिहास रच डाला।

Commonwealth Games 2022: एल्डोस पॉल ने ट्रिपल जंप में रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला गोल्ड मेडल

बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भारत के पदकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। गेम्स के दसवें दिन भारतीय एथलीट कमाल कर रहे हैं। एल्डोस पॉल ने रविवार को ट्रिपल जंप में गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स की पुरुष त्रिकूद स्पर्धा में भारत को गोल्ड दिलाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पॉल के अलावा भारत के अब्दुल्ला अबूबाकर ने इस स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया।

पॉल ने अपने तीसरे प्रयास में 17.03 मीटर की सर्वश्रेष्ठ दूरी तय की। अबूबाकर 17.02 मीटर के प्रयास के साथ दूसरे स्थान पर रहे। अबूबाकर ने अपने पांचवें प्रयास में यह दूरी तय की। बरमूडा के जाह-एनहाल पेरिनचीफ ने 16.92 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता। भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों में त्रिकूद में चार पदक जीते हैं लेकिन यह पहला मौका है जब देश के दो एथलीट ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाई है।

भारत के खाते में 47 मेडल

भारत फिलहाल कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की पदक तालिका में पांचवें स्थान पर है। भारत ने अब तक 16 गोल्ड, 12 सिल्वर और 19 ब्रॉन्ज हासिल किए हैं। भारत ने अभी तक सर्वाधिक पदक वेटलिफ्टिंग और कुश्ती में जीते हैं। गौरतलब है कि पदक तालिका में टॉप पर ऑस्ट्रेलिया है, जिसके खाते में 160 से ज्यादा मेडल हैं। इंग्लैंड 150 से अधिक मेडल जीतकर दूसरे पायदान पर काबिज है।

End of Article