स्पोर्ट्स

अर्जुन एरिगैसी और डी गुकेश को फिडे ग्रैंड स्विस में शीर्ष वरीयता

FIDE Grand Swiss: भारतीय स्टार अर्जुन एरिगैसी और विश्व चैम्पियन डी गुकेश को उज्बेकिस्तान के समरकंद में तीन से 16 सितंबर तक होने वाले चौथे फिडे ग्रैंड स्विस शतरंज टूर्नामेंट में क्रमशः पहली और दूसरी वरीयता दी गई है। इस प्रतियोगिता में बढ़ी हुई पुरस्कार राशि और प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के टिकट दांव पर होंगे।

Image

डी गुकेश (Instagram- D Gukesh)

भारतीय स्टार अर्जुन एरिगैसी और विश्व चैम्पियन डी गुकेश को उज्बेकिस्तान के समरकंद में तीन से 16 सितंबर तक होने वाले चौथे फिडे ग्रैंड स्विस शतरंज टूर्नामेंट में क्रमशः पहली और दूसरी वरीयता दी गई है। इस प्रतियोगिता में बढ़ी हुई पुरस्कार राशि और प्रतिष्ठित कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के टिकट दांव पर होंगे।

नियमों के अनुसार, ओपन और महिला प्रतियोगिता दोनों में शीर्ष दो में रहने वाले खिलाड़ी अगले साल होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह बनाएंगे।इस प्रतियोगिता में वही खिलाड़ी भाग ले सकते हैं जिन्होंने जुलाई 2024 और जून 2025 के बीच 30 से अधिक क्लासिकल मैच खेल हो। इस कारण पूर्व विश्व चैंपियन मैगनस कार्लसन और विश्वनाथन आनंद जैसे खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में भाग नहीं ले पाएंगे।

पूर्व विश्व चैंपियन डिंग लीरेन और फैबियानो कारूआना भी इस प्रतियोगिता में भाग नहीं लेंगे, जिसमें भारत के एक अन्य खिलाड़ी आर प्रज्ञानानंद को चौथी वरीयता दी गई है जो नोडिरबेक अब्दुसत्तोरोव से ठीक पीछे हैं। एक अन्य स्टार युवा खिलाड़ी 22 वर्षीय अलीरेजा फिरोजा पांचवें स्थान पर हैं।

ओपन वर्ग में शीर्ष 10 में शामिल अन्य खिलाड़ी इयान नेपोमनियाची, अनीश गिरी, शखरियार मामेद्यारोव, लेवोन अरोनियन और व्लादिमीर फेडोसेव हैं।

ग्रैंड स्विस शतरंज कैलेंडर में सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों में से एक है क्योंकि यह कैंडिडेट्स टूर्नामेंट का मार्ग प्रशस्त करता है। 2023 में ग्रैंड स्विस को भारत के विदित गुजराती (ओपन) और आर वैशाली (महिला) ने जीता था। इस बार प्रतियोगिता की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गई है। ओपन वर्ग में पुरस्कार राशि 625,000 अमेरिकी डॉलर है (जो 2023 में 460,000 अमेरिकी डॉलर थी)। महिलाओं की प्रतियोगिता में, पुरस्कार राशि 230,000 अमेरिकी डॉलर होगी (जो 2023 में 140,000 अमेरिकी डॉलर थी)।

महिला ग्रैंड स्विस में 44 खिलाड़ियों ने रेटिंग के आधार पर क्वालीफाई किया है। पूर्व विश्व चैंपियन तान झोंगयी इस प्रतियोगिता में शीर्ष स्थान पर हैं, जबकि उनके बाद अनुभवी खिलाड़ी कोनेरू हंपी, अन्ना मुजिचुक और कैटरीना लैग्नो का स्थान है। 2023 की विजेता आर वैशाली भी भाग ले रही हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article