स्पोर्ट्स

नीरज चोपड़ा भी इंसान हैं- ऐसा क्यों बोल गए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के अध्यक्ष

Neeraj Chopra: नीरज चोपड़ा ने जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की थी जहां वह चौथे स्थान पर रहे। अब वह 21 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग और 4-5 सितंबर को ब्रुसेल्स में डायमंड लीग फाइनल में उतरेंगे। इसके बाद सितंबर-अक्टूबर में एशियाई खेलों में भी उनसे पदक की उम्मीद होगी।

Image

नीरज चोपड़ा (फोटो साभार- @Neeraj_chopra1)

Neeraj Chopra: भारतीय एथलेटिक्स महासंघ के चयन समिति अध्यक्ष आदिल सुमारीवाला ने भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा की फिटनेस और फॉर्म को लेकर उठ रहे सवालों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि देश का यह "सबसे महान एथलीट" भी इंसान है और रजत पदक जीतने पर उसकी आलोचना करना गलत है। 28 साल के नीरज पिछले महीने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स में 86.48 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक लेकर लौटे। 2018 में इसी इवेंट में उन्होंने गोल्ड जीता था। 2022 में वह चोट के कारण नहीं खेल पाए थे। पिछले साल सितंबर में विश्व चैंपियनशिप से पहले पीठ के निचले हिस्से में चोट लगने के बाद यह उनका बड़ा टूर्नामेंट था।

नीरज के सपोर्ट में आए AFI चीफ

सुमारीवाला ने PTI से बातचीत में कहा, "चोट से उबरकर वापसी करते हुए रजत जीतना शानदार है। हमें पूरा भरोसा है आने वाले समय में उनका प्रदर्शन और बेहतर होगा। ऐसा नहीं है कि वह हमेशा गोल्ड ही जीतेंगे। यह मुमकिन नहीं है। वह भी इंसान हैं। हमें इस बहस को यहीं खत्म कर देना चाहिए और उनके रजत का भी जश्न मनाना चाहिए।"AFI हर साल 7 अगस्त को राष्ट्रीय भाला फेंक दिवस मनाता है। इसी दिन 2021 में नीरज ने तोक्यो ओलंपिक में गोल्ड जीतकर इतिहास रचा था। सुमारीवाला ने नीरज की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा, "आपको 2 ओलंपिक मेडल, विश्व चैंपियनशिप गोल्ड, जूनियर वर्ल्ड रिकॉर्ड, एशियाई खेलों और एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड किसने दिलाया? उन्होंने जो भी जीता उसे हमें बोनस मानना चाहिए।"

लुसाने डायमंड लीग में खेलेंगे नीरज चोपड़ा

नीरज ने जून में दोहा डायमंड लीग से वापसी की थी जहां वह चौथे स्थान पर रहे। अब वह 21 अगस्त को लुसाने डायमंड लीग और 4-5 सितंबर को ब्रुसेल्स में डायमंड लीग फाइनल में उतरेंगे। इसके बाद सितंबर-अक्टूबर में एशियाई खेलों में भी उनसे पदक की उम्मीद होगी। इसी बीच सुमारीवाला ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने विश्व एथलेटिक्स के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। सेबेस्टियन को का कार्यकाल खत्म होने के बाद अगले साल सितंबर में चुनाव होंगे। सुमारीवाला ने कहा, "मैं परिषद के सदस्य और उपाध्यक्ष रह चुका हूं। मेरे पास अनुभव और योग्यता दोनों हैं। मुझे लगता है मैं इस पद के लिए पूरी तरह योग्य हूं।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article