स्पोर्ट्स

AFC Asian Cup 2027 Qualifiers: भारत ने सिंगापुर को बराबरी पर रोका, क्वालीफाई करने की उम्मीदें बरकरार

भारत की पुरुषों की फुटबॉल टीम ने सिंगापुर को गुरुवार को बराबरी पर रोककर अपनी साल 2027 में आयोजित होने वाले एशिया कप में क्वालीफाई करने की उम्मीदों को बरकरार रखा है। जानिए अब कैसे हैं समीकरण?

Image

भारतीय फुटबॉल टीम (फोटो क्रेडिट @IndianFootball X)

सिंगापुर: दस खिलाड़ियों के साथ खेल रही भारतीय टीम ने मैच के अंतिम क्षणों में विरोधी टीम की रक्षात्मक चूक का फायदा उठाकर गुरुवार को सिंगापुर को 1-1 से बराबरी पर रोककर एशियाई कप फुटबॉल के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। सिंगापुर ने पहले हाफ के पहले मिनट में ही इखसान फंडी के गोल की बदौलत बढ़त बना ली जिससे भारतीय टीम ग्रुप सी के मैच में शुरुआत में ही बैकफुट पर आ गई। रहीम अली ने हालांकि 90वें मिनट में गोल दागकर भारत को बराबरी दिला दी। सिंगापुर के जोर्डन इमाविवे ने बड़ी गलती करते हुए भारत को गोल तोहफे में दे दिया।

खालिद जमील की भारतीय टीम दूसरा लगभग पूरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेला क्योंकि मुख्य डिफेंडर संदेश झिंगन को 47वें मिनट में दूसरा यलो कार्ड मिलने के बाद मैदान से बाहर भेज दिया गया। झिंगन चेहरे पर काला मास्क लगाकर खेल रहे थे क्योंकि पिछले महीने सीएएफए नेशंस कप के दौरान उनके गाल की हड्डी में फ्रेक्चर हो गया था जिसके लिए सर्जरी की जरूरत थी।

बांग्लादेश के खिलाफ गोल रहित ड्रॉ और पिछले मैच में हांगकांग से 0-1 से हार के बाद भारत के अब तीन मैच में दो अंक हैं। टीम की 2027 में होने वाले मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की राह काफी मुश्किल है। एएफसी एशियाई कप 2027 के लिए प्रत्येक ग्रुप से केवल शीर्ष पर रहने वाली टीम ही क्वालीफाई करेगी। ग्रुप की सभी चार टीम घरेलू मैदान और विरोधी के मैदान के प्रारूप में कुल मिलाकर छह मैच खेलेंगी। गुरुवार को ड्रॉ के बाद सिंगापुर के पांच अंक हैं। टीम को हालांकि अंतिम लम्हों में गलती करने का मलाल हो गया जिससे भारत एक अंक लेने में सफल रहा। दोनों टीम के बीच दूसरे चरण का मैच 14 अक्टूबर को गोवा के मडगांव में खेला जाएगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article