स्पोर्ट्स

फीफा विश्व कप के मैच रेफरियों के नाम का हुआ ऐलान, 2 महिला सहित चुने गए 52 ऑफिशियल्स

विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने दो महीने बाद शुरू होने वाले विश्व कप के लिए रिकॉर्ड 52 रेफरी का चयन किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। फीफा ने कहा कि टूर्नामेंट में 170 मैच अधिकारी हिस्सा लेंगे, जिनमें 52 रेफरी, 88 सहायक रेफरी और 30 वीडियो मैच अधिकारी शामिल हैं। यह संख्या विश्व कप 2022 में शामिल 139 मैच अधिकारियों से अधिक है।

Image

फीफा वर्ल्ड कप के लिए मैच रेफरी घोषित। फोटो- फीफा

मैनचेस्टर, (एपी)। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा ने दो महीने बाद शुरू होने वाले विश्व कप के लिए रिकॉर्ड 52 रेफरी का चयन किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। अमेरिका की टोरी पेन्सो और मैक्सिको की काटिया गार्सिया के रूप में दो महिला रेफरी इस सूची में शामिल हैं। फीफा ने अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में होने वाले टूर्नामेंट के लिए तीन महिलाओं को सहायक रेफरी और एक महिला को वीडियो मैच अधिकारी के रूप में भी चुना गया है।

यह दूसरा अवसर है, जबकि मेंस के विश्व कप में महिला रेफरी भाग लेंगे। कतर में चार साल पहले खेले गए विश्व कप में तीन महिला रेफरी और तीन महिला सहायक रेफरी शामिल थीं। पेन्सो 2023 में महिला विश्व कप के फाइनल में रेफरी थीं। फीफा ने कहा कि रेफरी का चयन प्रदर्शन को प्राथमिकता देने के आधार पर किया गया है।

कतर में भी नियुक्त किया था महिलाओं को

रेफरी विभाग के प्रमुख पियरलुइगी कोलिना ने कहा, ’हमने चार साल पहले कतर में महिला अधिकारियों की नियुक्ति की थी और इस बार छह महिला मैच अधिकारियों का चयन करके हमने उस सिलसिले को जारी रखा है क्योंकि हमारा लक्ष्य महिला रेफरिंग को बढ़ावा देना है।’

170 मैच ऑफिशियल्स का हुआ चुनाव

फीफा ने कहा कि टूर्नामेंट में 170 मैच अधिकारी हिस्सा लेंगे, जिनमें 52 रेफरी, 88 सहायक रेफरी और 30 वीडियो मैच अधिकारी शामिल हैं। यह संख्या विश्व कप 2022 में शामिल 139 मैच अधिकारियों से अधिक है। विश्व कप 2026 अब तक का सबसे बड़ा विश्व कप है, जिसमें 48 टीमें भाग लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। यही नहीं यह पहला विश्व कप होगा जिसकी सह-मेजबानी तीन देश करेंगे।

48 टीमें लेंगी हिस्सा

पिछले विश्व कप में भाग लेने वाले कई रेफरी को इस साल के टूर्नामेंट के लिए भी चुना गया है। इनमें पोलैंड के साइमन मार्सिनियाच भी शामिल हैं, जिन्होंने चार साल पहले फाइनल में रेफरी की भूमिका निभाई थी। इस सूची में कांगो के रेफरी जीन-जैक्स नडाला का नाम नहीं है जो जनवरी में अफ्रीका कप ऑफ नेशंस के विवादों से घिरे फाइनल में रेफरी थे। सेनेगल ने इस मैच में मोरक्को को हराया था।

पिछले महीने अफ्रीकी फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था ने हालांकि इस परिणाम को पलटकर मोरक्को को खिताब से सम्मानित किया था। सेनेगल ने स्विट्जरलैंड स्थित खेल पंचाट में अपील दायर की है और दोनों देश फैसला आने तक अफ्रीकी चैंपियन होने का दावा कर रहे हैं।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article