अध्यात्म

श्रावण-भादो में शिवमय हुई महाकाल नगरी, 11 दिन में उमड़े 40 लाख से ज्यादा श्रद्धालु

श्रावण-भादो में उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर श्रद्धालुओं से गुलजार है। 30 जुलाई से 10 अगस्त के बीच करीब 40 लाख से ज्यादा भक्त मंदिर दर्शन करने पहुंचे। 3 अगस्त को सबसे अधिक 6 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे।

Image

Mahakal Temple Ujjain

Mahakaleshwar Mandir, Ujjain: श्रावण-भादो के पावन अवसर पर बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन इन दिनों पूरी तरह शिवमय नजर आ रही है। श्री महाकालेश्वर मंदिर में सुबह होने वाली भस्म आरती से लेकर रात की शयन आरती तक भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु कालो के काल बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंच रहे हैं।

मंदिर समिति की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 30 जुलाई से 10 अगस्त 2026 के बीच महज 11 दिनों में करीब 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा के दर्शन किए। श्रावण मास के अंतिम दिनों से शुरू हुई भीड़ अब भादो मास के शुरुआती दिनों में भी लगातार बनी हुई है।

3 अगस्त को टूटा भीड़ का रिकॉर्ड

श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से 3 अगस्त सोमवार सबसे ज्यादा भीड़ वाला दिन रहा। इसी दिन सावन मास का पहला सोमवार था, 3 अगस्त के दिन करीब करीब 6,13,849 श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन किए। भक्तों की भारी संख्या के चलते दर्शन के लिए लगी कतारें करीब 4 किलोमीटर तक पहुंच गई थी।

इसके एक दिन पहले यानी 2 अगस्त को 4,76,109 और 1 अगस्त को 4,19,732 श्रद्धालु मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। सप्ताहांत और सावन का पहला सोमवार होने के कारण इन दिनों उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी।

इन दिनों इतनी रही श्रद्धालुओं की संख्या

30 जुलाई को 2,23,542, 31 जुलाई को 2,79,841, 1 अगस्त को 4,19,732, 2 अगस्त को 4,76,109 और 3 अगस्त को 6,13,849 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।इसके बाद 4 अगस्त को 3,17,331, 5 अगस्त को 2,97,649 और 6 अगस्त को 3,00,296 श्रद्धालु बाबा महाकाल के दरबार पहुंचे। अन्य दिनों के आंकड़ों को मिलाकर 11 दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या करीब 40 लाख तक पहुंच गई है।

प्रशासन ने संभाला मोर्चा

लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। कलेक्टर और एसपी स्तर पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बैरिकेडिंग, पुलिस बल, मेडिकल कैंप, पानी की व्यवस्था और खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं।

मंदिर में श्रद्धालुओं को चार प्रवेश द्वारों से प्रवेश दिया जा रहा है, ताकि भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जा सके। उज्जैन पहुंचने वाले भक्तों में राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों के श्रद्धालु शामिल हैं। विदेशों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

जय श्री महाकाल के जयकारों से गूंजी अवंतिका नगरी

महाकाल मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र इन दिनों ‘जय श्री महाकाल’ के जयकारों और डमरू की गूंज से सराबोर है। सावन-भादो के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।

मंदिर से जुड़े पुजारियों का कहना है कि सावन में बाबा महाकाल के दर्शन को विशेष पुण्यदायी माना जाता है। यही आस्था हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को उज्जैन खींच लाती है। इस बार भी भक्तों की भारी भीड़ ने महाकाल की नगरी को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया है।

इनपुट: अमृत बैंडवाल

Avni Bagrola
अवनि बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article