Moon Venus Conjunction in Libra 2026: 14 सितंबर 2026 की रात 1 बजकर 26 मिनट पर चंद्रमा ने तुला राशि में प्रवेश कर लिया है। तुला में पहले से शुक्र की मौजूदगी के कारण यहां चंद्रमा और शुक्र की युति बन गई है। चंद्रमा मन, भावनाओं और कल्पनाशक्ति का कारक है, जबकि शुक्र कला, सुंदरता, प्रेम, आकर्षण, रचनात्मकता और भौतिक सुख-सुविधाओं का प्रतिनिधित्व करता है। तुला शुक्र की अपनी राशि भी है। ऐसे में यह संयोग रचनात्मक काम, कला, मीडिया, फैशन, मनोरंजन और रिश्तों से जुड़े मामलों के लिए खास माना जा रहा है। 14 सितंबर को चंद्रमा के तुला में प्रवेश हुआ है और ये यहां 16 सितंबर की सुबह तक रहेंगे।
चंद्रमा-शुक्र की युति क्यों है खास
ज्योतिषीय दृष्टि से चंद्रमा और शुक्र दोनों ही मन और सौंदर्य से जुड़े ग्रह माने जाते हैं। चंद्रमा कल्पना और भावनाओं को ताकत देता है, जबकि शुक्र उस कल्पना को कला और आकर्षक अभिव्यक्ति में बदलने की क्षमता देता है। तुला में शुक्र का होना इस प्रभाव को और मजबूत करता है।
यही वजह है कि इस युति को कलात्मक और क्रिएटिव कामों के लिए अनुकूल संयोग माना जा रहा है। इस दौरान लिखने, डिजाइन, मीडिया, म्यूजिक, एक्टिंग, फैशन, फोटोग्राफी, मार्केटिंग और कंटेंट से जुड़े लोगों को अपने काम में नई सोच और बेहतर प्रेजेंटेशन का फायदा मिल सकता है। रिश्तों के लिहाज से भी यह समय बातचीत और आपसी समझ को मजबूत करने वाला रहेगा। आइए जानते हैं कि यह योग किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए तुला में बनी चंद्रमा-शुक्र की युति पंचम भाव से जुड़ती है। पंचम भाव बुद्धि, क्रिएटिविटी, शिक्षा, प्रेम और प्रतिभा का माना जाता है। ऐसे में इस राशि के लोगों के लिए यह संयोग खास तौर पर रचनात्मक काम में फायदा देने वाला रहेगा। मीडिया, राइटिंग, एंटरटेनमेंट, डिजिटल कंटेंट, डिजाइन और कम्युनिकेशन से जुड़े लोगों को कोई नया आइडिया सफलता दिला सकता है। जो लोग लंबे समय से किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, उन्हें उसे आगे बढ़ाने का अच्छा मौका मिलेगा। प्रेम संबंधों में भी बातचीत बढ़ेगी और रिश्तों में गर्माहट आएगी।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए तुला राशि तीसरे भाव में आती है। तीसरा भाव कम्युनिकेशन, लेखन, मीडिया, साहस और अपने टैलेंट को दुनिया के सामने रखने का भाव है। चंद्रमा-शुक्र की युति इस राशि के लोगों की कम्युनिकेशन स्किल और क्रिएटिव प्रेजेंटेशन को मजबूत करेगी। पत्रकारिता, सोशल मीडिया, विज्ञापन, एक्टिंग, एंकरिंग और मार्केटिंग से जुड़े लोगों के लिए यह समय खास रह सकता है। अपने काम को नए तरीके से पेश करने पर पहचान बढ़ेगी। छोटी यात्रा या किसी नए संपर्क के जरिए भी काम का फायदा मिल सकता है।
तुला राशि
यह युति तुला राशि में ही बन रही है, इसलिए तुला राशि वालों पर इसका सबसे सीधा प्रभाव पड़ेगा। चंद्रमा और शुक्र दोनों का प्रभाव व्यक्तित्व, व्यवहार और आकर्षण में दिखाई देगा। व्यक्ति की पर्सनैलिटी, कॉन्फिडेंस और सोशल प्रेजेंस मजबूत होगी। नौकरी करने वालों के लिए बॉस या सीनियर्स के सामने अपनी बात रखने का समय अच्छा रहेगा। बिजनेस करने वाले लोगों को क्लाइंट और पार्टनर के साथ बातचीत में फायदा मिलेगा। फैशन, ब्यूटी, डिजाइन, लग्जरी, मीडिया और पब्लिक डीलिंग से जुड़े काम करने वालों को विशेष फायदा मिल सकता है। रिश्तों में भी रोमांस बढ़ेगा।
धनु राशि
धनु राशि से तुला ग्यारहवां भाव है। ज्योतिष में ग्यारहवां भाव आय, लाभ, नेटवर्क और इच्छाओं की पूर्ति से जुड़ा होता है। इसलिए चंद्रमा-शुक्र की यह युति धनु राशि वालों के लिए आर्थिक नजरिए से महत्वपूर्ण रहेगी। अटका हुआ पैसा मिलने, नई कमाई का रास्ता बनने या किसी पुराने संपर्क से फायदा मिलने के संकेत बनेंगे। सोशल नेटवर्क मजबूत होगा और किसी प्रभावशाली व्यक्ति से मुलाकात करियर के लिए फायदेमंद साबित होगी। क्रिएटिव या फ्रीलांस काम करने वाले लोगों के लिए भी यह समय कमाई बढ़ाने वाला रहेगा।
मकर राशि
मकर राशि के लिए तुला दसवां भाव है, जो सीधे करियर, नौकरी, बिजनेस और प्रोफेशनल पहचान से जुड़ा है। इस कारण चंद्रमा और शुक्र की युति करियर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहेगी। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है और बिजनेस करने वालों को किसी बड़े क्लाइंट या प्रोजेक्ट से फायदा मिलेगा। मीडिया, होटल, फैशन, डिजाइन, इंटीरियर, मार्केटिंग और पब्लिक डीलिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने वालों के लिए यह गोचर खास तौर पर अच्छा रहेगा। काम को खूबसूरती से प्रस्तुत करने और लोगों पर प्रभाव छोड़ने की क्षमता बढ़ेगी।
कलाकारों और क्रिएटिव लोगों के लिए क्यों खास है यह युति
चंद्रमा मन और कल्पना को दर्शाता है, जबकि शुक्र कला और सौंदर्य का ग्रह है। दोनों की युति तुला जैसी सौंदर्य और संतुलन से जुड़ी राशि में बनना रचनात्मक लोगों के लिए खास माना जाता है। ऐसे में आर्टिस्ट, लेखक, पत्रकार, एंकर, अभिनेता, डिजाइनर, फोटोग्राफर, म्यूजिशियन और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स इस समय अपनी क्रिएटिविटी को बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकेंगे। खास बात यह है कि यह युति केवल कला तक सीमित नहीं रहती। जहां आकर्षण, कम्युनिकेशन और लोगों से संपर्क काम का अहम हिस्सा है, वहां भी इसका प्रभाव दिखाई देता है।
इन 5 राशियों को सबसे ज्यादा फायदा
मिथुन, सिंह, तुला, धनु और मकर राशि के लोगों के लिए यह चंद्रमा-शुक्र युति खास तौर पर शुभ रहने वाली है। इनमें मिथुन और सिंह को क्रिएटिविटी व कम्युनिकेशन, तुला को पर्सनैलिटी और रिश्तों, धनु को लाभ-आय तथा मकर को करियर के क्षेत्र में सबसे मजबूत परिणाम मिलेंगे।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
