Taurus Yearly Horoscope 2026 in Hindi (वृषभ वार्षिक राशिफल 2026): वृषभ राशिचक्र की दूसरी राशि है। वृषभ के स्वामी शुक्र हैं, जो पैसा, प्रेम, बैंकिंग, आईटी, फिल्म और मीडिया के कारक ग्रह हैं। बुध और शनि आपके मित्र ग्रह हैं। कन्या, तुला, मकर और कुंभ आपकी मित्र राशियां हैं। आपके लिए शुभ रत्न ओपल और हीरा हैं। वृषभ राशि वाले फिल्म, मीडिया, मैनेजमेंट, वकील और प्रशासन की फील्ड में बहुत सफल होते हैं।
वृषभ वार्षिक राशिफल 2026
शुक्र की कृपा से आप बैंकिंग में देश-विदेश में ऊंचे पद पाते हैं। आप बहुत रोमांटिक, खुशदिल, ईमानदार और विश्वासपात्र होते हैं। दोस्त बनाने में आपका कोई जवाब नहीं है। साल 2026 आपके लिए कुल मिलाकर बहुत अच्छा साल रहेगा। अब आइए जानते हैं कि साल 2026 आपके जीवन के विभिन्न पहलुओं के लिए कैसा रहने वाला है?
साल 2026 में वृषभ राशि वालों का स्वास्थ्य कैसा रहेगा?
इस साल आपका स्वास्थ्य ज्यादातर समय अति उत्तम रहेगा। पेट, यूरिन और पथरी की पुरानी समस्या हो तो सावधानी रखें। 15 जनवरी से 16 फरवरी तक का समय थोड़ा कमजोर है। सांस, बीपी और हड्डी की समस्या वाले लोग पूरे साल खास ध्यान रखें। साइनस और पेट के रोग थोड़ा परेशान कर सकते हैं। जिनकी कुंडली में चंद्रमा पाप ग्रह के साथ हैं, वे कफ की बीमारी से बचें। बाकी साल हेल्थ बहुत अच्छी रहेगी।
साल 2026 वृषभ राशि वालों की नौकरी और करियर के लिए कैसा रहेगा?
आपके करियर में बहुत शानदार प्रगति होगी। मीन संक्रांति यानी 15 मार्च के बाद सफलता का सिलसिला शुरू हो जाएगा। टीचिंग, फिल्म, बैंकिंग, आईटी और मैनेजमेंट वाले लोगों के लिए साल शानदार है। 14 अगस्त से 27 नवंबर और मई से जुलाई के बीच विदेश जाने के जबरदस्त योग हैं। 15 मई से 16 नवंबर तक प्रमोशन या जॉब चेंज के मौके मिलेंगे। बिजनेस में भी खूब सफलता मिलेगी। मार्च, जुलाई, अगस्त और नवंबर के महीने व्यवसाय के लिए खास फायदेमंद हैं। कुल मिलाकर, करियर के लिए सुनहरा साल है।
साल 2026 वृषभ राशि वालों की लव और मैरिड लाइफ के लिए कैसा रहेगा?
लव लाइफ इस साल बहुत अच्छी रहेगी। विवाह में आने वाली छोटी-मोटी बाधाएं थोड़ी परेशान कर सकती हैं, लेकिन प्रेम विवाह के मजबूत योग बन रहे हैं। मार्च तक लव लाइफ को संभालकर रखना होगा। शादीशुदा लोगों का वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। साल की शुरुआत से फरवरी तक और अक्टूबर में थोड़ा तनाव हो सकता है, लेकिन बाकी समय सब ठीक रहेगा। फरवरी, मई, जून और दिसंबर में लव लाइफ में खूबसूरत यात्राएं होंगी। दाम्पत्य जीवन बहुत सुंदर और रोमांटिक रहेगा।
साल 2026 में वृषभ राशि वालों की आर्थिक स्थिति कैसी रहेगी?
पैसे के मामले में साल की शुरुआत के दो महीने बहुत बड़ी सफलता वाले साबित होंगे। 16 अप्रैल के बाद स्थिति और मजबूत हो जाएगी। शेयर, गोल्ड, जमीन या मकान में निवेश करने का अच्छा समय है। मई के बाद धन आने के नए-नए रास्ते खुलेंगे। महंगी गाड़ी खरीदने के शानदार योग हैं। सोने और हीरे के गहने खरीदने का सुखद मौका मिलेगा। फरवरी से जून के बीच वाहन और जमीन खरीदने का सबसे अच्छा समय है। कुल मिलाकर, आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत और खुशहाल रहेगी।
साल 2026 में वृषभ राशि वालों के लिए शुभ समय
17 जुलाई से 16 अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर के महीने बहुत शुभ हैं। जॉब और बिजनेस के लिए अगस्त के बाद का समय सबसे अच्छा है। स्टूडेंट्स के लिए फरवरी से अप्रैल, जून, अगस्त और नवंबर महीने पढ़ाई में शानदार सफलता देंगे।
साल 2026 में वृषभ राशि वालों के लिए उपाय
भगवान शिव का हर महीने शुक्ल पक्ष के प्रदोष के दिन पवित्र नदी के जल से रुद्राभिषेक कराएं। रोज श्री रामचरितमानस का पाठ करें। ऋग्वेद के श्री सूक्त की 16 ऋचाओं का नियमित पाठ करें। जीवनसाथी से कभी झूठ न बोलें। घर में सुगंधित धूप जलाएं। माता लक्ष्मी की पूजा श्री विष्णु के साथ करें।
हर शुक्रवार को दिव्यांग को अन्न और कपड़े दान करें। शुक्र, शनि और बुध के बीज मंत्र का जप करें। स्टूडेंट्स माता सरस्वती की पूजा करें। बिजनेस में उन्नति के लिए हर शुक्रवार गाय को खाना खिलाएं। पत्नी का दिल कभी न तोड़ें, प्यार से बोलें। अस्पताल में गरीब मरीजों को फल और भोजन दान करें। समय-समय पर पत्नी को सोने-हीरे के गहने गिफ्ट करें। तीर्थ यात्रा पर जाते रहें।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
