अध्यात्म

खाटू श्याम जन्मोत्सव 2026: खाटू श्याम जी का जन्मदिन कब है 2026 में, जानें बाबा श्याम का जन्मदिन कब मनाया जाएगा

khatu shyam ji ka janmdin kab hai 2026: खाटू श्याम जी का जन्मदिन 2026 में कब मनाया जाएगा। जानें बाबा श्याम के जन्मोत्सव की तारीख, देवउठनी एकादशी का महत्व, बर्बरीक की कथा और खाटू धाम में होने वाले खास आयोजन।

Image

खाटू श्याम जी का जन्मदिन कब है 2026 में, जानें बाबा श्याम के जन्मोत्सव की तारीख

khatu shyam ji ka janmdin kab hai 2026: बाबा श्याम के भक्तों के लिए उनका जन्मदिन किसी बड़े त्योहार से कम नहीं होता। इस दिन खाटू धाम में अलग ही रौनक देखने को मिलती है। मंदिर को फूलों से सजाया जाता है। बाबा का विशेष शृंगार होता है और देशभर से श्रद्धालु अपने आराध्य के दर्शन करने पहुंचते हैं। कोई निशान लेकर आता है, तो कोई भजन गाते हुए बाबा के दरबार में हाजिरी लगाता है। भक्तों के लिए यह सिर्फ जन्मदिन नहीं, बल्कि बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा जताने का खास अवसर है।

खाटू श्याम जी का जन्मदिन कब है 2026 में

साल 2026 में खाटू श्याम जी का जन्मोत्सव 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाया जाएगा। यह दिन कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि है। इसे देवउठनी एकादशी या देवोत्थान एकादशी भी कहा जाता है।

श्याम भक्तों की परंपरा में इसी तिथि को बाबा का प्राकट्य दिवस माना जाता है। इसलिए हर साल कार्तिक शुक्ल एकादशी को खाटू श्याम जी का जन्मदिन मनाया जाता है। अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार इसकी तारीख हर साल बदलती रहती है।

कौन हैं खाटू श्याम जी और क्या है उनकी कहानी

बाबा खाटू श्याम को महाभारत काल के वीर बर्बरीक का स्वरूप माना जाता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, बर्बरीक भीम के पौत्र और घटोत्कच के पुत्र थे। उनके पास तीन ऐसे बाण थे, जिनसे वे किसी भी युद्ध का परिणाम बदल सकते थे।

महाभारत युद्ध से पहले बर्बरीक ने कमजोर पक्ष की ओर से लड़ने का संकल्प लिया था। भगवान श्रीकृष्ण जानते थे कि इस प्रतिज्ञा के कारण युद्ध का संतुलन बिगड़ सकता है। उन्होंने बर्बरीक से दान में उनका शीश मांग लिया। बर्बरीक ने बिना किसी संकोच के अपना शीश दान कर दिया।

उनके इस अद्भुत त्याग से प्रसन्न होकर श्रीकृष्ण ने उन्हें वरदान दिया कि कलियुग में वे उनके ही नाम श्याम से पूजे जाएंगे। साथ ही उन्हें हारे हुए और जरूरतमंद लोगों का सहारा बनने का आशीर्वाद मिला। इसी वजह से भक्त उन्हें 'हारे का सहारा' भी कहते हैं।

खाटू श्याम जन्मोत्सव पर क्या होता है खास

जन्मोत्सव के दिन राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटू धाम में विशेष आयोजन होते हैं। बाबा का इत्र से स्नान कराया जाता है और गुलाब, चमेली, गेंदा सहित कई तरह के फूलों से उनका मनमोहक शृंगार किया जाता है। इस अवसर पर बाबा को मावे का केक और छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा भी देखने को मिलती है। मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन होते हैं। कई श्रद्धालु रातभर जागकर बाबा के नाम का संकीर्तन करते हैं।

निशान यात्रा भी इस उत्सव का खास हिस्सा होती है। भक्त हाथों में रंग-बिरंगे निशान लेकर बाबा के दरबार तक पहुंचते हैं। खाटू की गलियों में जय श्री श्याम के जयकारे गूंजते हैं।

क्या फाल्गुन मेले पर भी खाटू श्याम जी का जन्मदिन मनाते हैं

कई लोगों को लगता है कि बाबा श्याम का जन्मदिन फाल्गुन मेले के दौरान मनाया जाता है। लेकिन दोनों अवसर अलग हैं। बाबा का जन्मोत्सव कार्तिक शुक्ल एकादशी यानी देवउठनी एकादशी को मनाया जाता है। वहीं फाल्गुन महीने में लगने वाला लक्खी मेला बाबा के दर्शन और भक्ति का एक बड़ा वार्षिक आयोजन है। फाल्गुन मेले में भी देशभर से लाखों श्रद्धालु खाटू पहुंचते हैं। कई भक्त पैदल यात्रा करके बाबा के दरबार में हाजिरी लगाते हैं।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article