Panchank Yog 2026 : ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों की स्थिति और उनके बीच बनने वाले विशेष संबंधों का काफी महत्व बताया गया है। ग्रह जब एक-दूसरे से विशेष कोणीय दूरी पर आते हैं तो कई तरह के योगों का निर्माण होता है, जिनका प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ता है। 16 जून 2026 को सूर्य और शनि एक-दूसरे से 72 डिग्री की दूरी पर आ गए हैं।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार सूर्य और शनि के बीच यह स्थिति पंचांक योग का निर्माण कर रही है। सूर्य और शनि दोनों ही प्रभावशाली ग्रह माने जाते हैं। सूर्य जहां आत्मविश्वास, पद, प्रतिष्ठा और नेतृत्व क्षमता के कारक हैं, वहीं शनि कर्म, मेहनत, अनुशासन और न्याय के ग्रह माने जाते हैं। ऐसे में सूर्य और शनि का यह संबंध कुछ राशियों के लिए मेहनत के साथ सफलता, करियर में स्थिरता और आर्थिक लाभ के अवसर लेकर आ सकता है।
क्या होता है पंचांक योग
ज्योतिष में जब दो ग्रह एक-दूसरे से 72 डिग्री के कोण पर स्थित होते हैं तो इसे पंचांक योग कहा जाता है। यह योग पंच तत्वों और ग्रहों की ऊर्जा के संतुलन से जुड़ा माना जाता है। सूर्य और शनि दोनों अलग-अलग प्रकृति के ग्रह हैं। सूर्य अधिकार और आत्मबल का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि शनि कर्म और संघर्ष के बाद मिलने वाले परिणामों के कारक हैं। ऐसे में इन दोनों ग्रहों का पंचांक संबंध व्यक्ति को धैर्य, जिम्मेदारी और लक्ष्य प्राप्त करने की क्षमता दे सकता है। आइए जानते हैं कि किन राशि वालों के लिए यह योग शुभ रहेगा।
मेष राशि
मेष राशि वालों के लिए सूर्य और शनि का पंचांक योग करियर के क्षेत्र में लाभकारी साबित हो सकता है। इस समय कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत को पहचान मिल सकती है। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिलने के योग बन सकते हैं। व्यापार से जुड़े लोगों को योजनाओं में सफलता मिल सकती है। लंबे समय से रुके हुए काम पूरे होने के संकेत हैं।
वृषभ राशि
वृषभ राशि वालों के लिए यह योग आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम दे सकता है। सूर्य और शनि का प्रभाव धन से जुड़े फैसलों में मजबूती ला सकता है। नौकरी में स्थिरता आएगी और आय के नए रास्ते खुल सकते हैं। निवेश से जुड़े मामलों में सोच-समझकर लिए गए फैसले लाभ दे सकते हैं।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए पंचांक योग करियर और सामाजिक प्रतिष्ठा के लिए अच्छा रह सकता है। सूर्य की ऊर्जा और शनि का अनुशासन आपको सफलता की ओर ले जा सकता है। आईटी, मीडिया, शिक्षा, बैंकिंग और कम्युनिकेशन से जुड़े लोगों को लाभ मिलने के योग हैं। नए प्रोजेक्ट में सफलता मिल सकती है।
सिंह राशि
सिंह राशि के स्वामी स्वयं सूर्य हैं, इसलिए सूर्य से जुड़े इस योग का प्रभाव इस राशि पर विशेष रह सकता है। आत्मविश्वास में वृद्धि होगी और कार्यक्षेत्र में आपकी नेतृत्व क्षमता सामने आएगी। नौकरी में प्रमोशन या नई जिम्मेदारी मिलने के योग बन सकते हैं। राजनीति और प्रशासन से जुड़े लोगों के लिए समय अनुकूल रह सकता है।
तुला राशि
तुला राशि वालों के लिए यह योग मेहनत के अच्छे परिणाम दिलाने वाला हो सकता है। शनि तुला राशि में उच्च माने जाते हैं, इसलिए शनि का प्रभाव इस राशि के लिए विशेष महत्व रखता है। व्यापार में योजनाएं सफल हो सकती हैं। नौकरी में वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। आर्थिक स्थिति में सुधार आने के संकेत हैं।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
