अध्यात्म

Deoghar: सावन की पहली सोमवारी पर बाबाधाम में उमड़ा जनसैलाब, 5 KM लंबी कतार; दो लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान

Baba Baidyanath Dham: सावन की पहली सोमवारी पर देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा। पांच किलोमीटर लंबी कतार लगी और करीब दो लाख कांवरियों के पहुंचने का अनुमान है।

Image

देवघर: सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा भक्तों का सैलाब, किए बाबा के दर्शन

Baba Baidyanath Dham: द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में सावन की पहली सोमवारी पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। देर रात से ही श्रद्धालु बाबा मंदिर में जलार्पण के लिए कतार में लगने लगे थे। सुबह होते-होते कतार मंदिर से करीब पांच किलोमीटर दूर नंदन पहाड़ तक पहुंच गई। जिला प्रशासन के मुताबिक, पहली सोमवारी पर करीब दो लाख कांवरियों के बाबाधाम पहुंचने का अनुमान है।

सुल्तानगंज की उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर कांवरिये करीब 108 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर देवघर पहुंच रहे हैं। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के बीच श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ पर गंगाजल अर्पित कर रहे हैं।

नंदन पहाड़ तक पहुंची श्रद्धालुओं की कतार

कांवरियों को निर्धारित रूट से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है। श्रद्धालु नंदन पहाड़ से बरमसिया बीएड कॉलेज, तिवारी चौक और शिवराम झा चौक होते हुए नेहरू पार्क पहुंच रहे हैं। यहां से मानसरोवर स्थित क्यू कॉम्प्लेक्स और फुट ओवरब्रिज के रास्ते उन्हें संस्कार भवन ले जाया जा रहा है। इसके बाद श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह के बाहर लगाए गए अरघे के माध्यम से जलार्पण कर रहे हैं।

भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर बाह्य अरघे की व्यवस्था भी की गई है। जो श्रद्धालु लंबी कतार में लगने में सक्षम नहीं हैं, वे बाह्य अरघे से ही बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित कर सकते हैं।

मेला क्षेत्र पर प्रशासन की नजर

सावन की पहली सोमवारी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं। अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र और कांवरिया रूट लाइन का निरीक्षण कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, स्वास्थ्य सेवा और भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि पहली सोमवारी पर करीब दो लाख कांवरियों के पहुंचने की संभावना है। पूरे मेला क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है। श्रद्धालुओं को सुगमता से जलार्पण कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पहले ही दुरुस्त कर ली गई थीं। इसके बावजूद प्रशासनिक टीम प्रत्येक क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।

सुबह 4:15 बजे शुरू हुआ आम श्रद्धालुओं का जलार्पण

सावन सोमवार पर बाबा बैद्यनाथ मंदिर में परंपरागत विधि से विशेष पूजा-अर्चना की गई। सुबह करीब तीन बजे मंदिर के पट खोले गए। सबसे पहले कांचा जल पूजा हुई। इसके बाद सरदार पंडा ने विधि-विधान से सरदारी पूजा संपन्न कराई। पूजा पूरी होने के बाद सुबह करीब 4:15 बजे मंदिर के पट आम श्रद्धालुओं के जलार्पण के लिए खोल दिए गए।

बाबा बैद्यनाथ मंदिर के सरदार पंडा गुलाबानंद ओझा ने बताया कि सावन सोमवार को बाबा बैद्यनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बाबाधाम पहुंचकर भगवान शिव को गंगाजल और बेलपत्र अर्पित करने वाले भक्तों को विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है।

फिलहाल पूरा देवघर केसरिया रंग में रंगा दिखाई दे रहा है। कांवरियों के जयकारों से बाबाधाम गूंज रहा है और श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अरघे के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर रहे हैं।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article