Numerology Friendship Compatibility : दोस्ती जिंदगी का ऐसा रिश्ता है जिसे इंसान अपनी पसंद से चुनता है। कुछ दोस्त सिर्फ हंसी-मजाक और घूमने-फिरने तक साथ रहते हैं, जबकि कुछ दोस्त ऐसे होते हैं जो मुश्किल वक्त में भी बिना किसी स्वार्थ के आपके साथ खड़े रहते हैं। किसी के साथ कुछ ही मुलाकातों में गहरी दोस्ती हो जाती है तो किसी के साथ वर्षों तक मिलने के बावजूद वैसा जुड़ाव नहीं बन पाता है। अंकज्योतिष में इस तरह के संबंधों को समझने के लिए जन्मतिथि से निकलने वाले अंकों और उनके आपसी तालमेल का अध्ययन किया जाता है।
अगर आप भी जानना चाहते हैं कि आपकी बर्थडेट के अनुसार किस मूलांक वाले व्यक्ति के साथ आपकी दोस्ती ज्यादा मजबूत हो सकती है, तो सबसे पहले आपको अपना मूलांक निकालना होगा। इसके बाद अपने दोस्त के मूलांक से उसका मिलान करके अंकज्योतिषीय तालमेल को समझा जा सकता है। हालांकि, यह ध्यान रखना जरूरी है कि केवल मूलांक से किसी व्यक्ति के वफादार या धोखेबाज होने का अंतिम फैसला नहीं किया जा सकता है। आइए जानते हैं कि किस मूलांक वालों की दोस्ती कौन मूलांक वालों से सबसे ज्यादा अच्छी होती है।
क्या होता है मूलांक
अंकज्योतिष में जन्म की तारीख से निकलने वाले एक अंक को मूलांक कहा जाता है। मूलांक को रूट या बर्थ नंबर कहा जाता है। इसे निकालने के लिए जन्म तारीख को देखा जाता है। अगर किसी का जन्म 1 से 9 तारीख के बीच हुआ है तो वही तारीख मूलांक मानी जाती है। वहीं, अगर जन्म 10 से 31 तारीख के बीच हुआ है तो दोनों अंकों को जोड़कर एक अंक प्राप्त किया जाता है।
उदाहरण के लिए अगर किसी व्यक्ति का जन्म 17 तारीख को हुआ है तो उसका मूलांक 8 होगा, क्योंकि 1+7=8 होता है। इसी तरह 24 तारीख को जन्म लेने वाले व्यक्ति का मूलांक 6 होगा, क्योंकि 2+4=6 है। इस प्रकार 1, 10, 19 और 28 तारीख को जन्म लेने वालों का मूलांक 1 और 2, 11, 20 और 29 का मूलांक 2 तथा 9, 18 और 27 का मूलांक 9 माना जाता है।
मूलांक को व्यक्ति की बुनियादी प्रकृति और व्यवहार से जोड़कर देखा जाता है। हालांकि, पूरी जन्मतिथि के योग से निकाला जाने वाला भाग्यांक (डेस्टिनी नंबर) इससे अलग होता है। इस कारण किसी रिश्ते का अंकज्योतिषीय विश्लेषण करने के लिए मूलांक के साथ भाग्यांक और कुछ पद्धतियों में नामांक को भी देखा जाता है।
अंकज्योतिष में दोस्ती के लिए कैसे देखा जाता है अंक तालमेल
अंकज्योतिष में किसी भी दो मूलांकों के बीच संबंध को केवल ‘अच्छा’ या ‘बुरा’ कहकर समाप्त नहीं किया जाता है। पारंपरिक अंकज्योतिषीय व्याख्याओं में अंकों को मित्र, सम या सावधानी वाले संबंधों में देखा जाता है। मित्र अंक वाले लोगों के बीच स्वाभाविक तालमेल अपेक्षाकृत आसानी से बन सकता है। सम या उदासीन अंक वाले लोगों के बीच संबंध सामान्य रह सकता है और उसे मजबूत बनाने में व्यवहार की बड़ी भूमिका होती है। वहीं, सावधानी वाले अंकों में स्वभाव, सोच या प्रतिक्रिया के तरीके में अंतर ज्यादा हो सकता है, जिसके कारण संवाद और समझ जरूरी हो जाती है।
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि सावधानी वाले अंक के साथ दोस्ती खराब ही होगी। कई बार दो अलग स्वभाव के लोग एक-दूसरे की कमियों को पूरा करते हैं और लंबे समय तक चलने वाली दोस्ती बनाते हैं।
मूलांक 1 वालों के लिए कौन बन सकता है सच्चा दोस्त
जिन लोगों का जन्म महीने की 1, 10, 19 या 28 तारीख को होता है, उनका मूलांक 1 होता है। मूलांक 1 का संबंध सूर्य से माना जाता है। सूर्य आत्मविश्वास, नेतृत्व, प्रतिष्ठा और स्वतंत्र व्यक्तित्व का प्रतीक माना जाता है। इस कारण मूलांक 1 वाले लोग दोस्ती में भी स्पष्ट सोच रखने वाले होते हैं और अक्सर अपने दोस्तों के लिए आगे बढ़कर खड़े होने की प्रवृत्ति रखते हैं। इन्हें ऐसा दोस्त पसंद आता है जो इनकी सफलता से असुरक्षित न हो और जरूरत पड़ने पर इनके सामने सच बोलने का साहस रखता हो।
अंकज्योतिषीय मैत्री के अनुसार मूलांक 2, 3, 5 और 9 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं। मूलांक 3 इनकी महत्वाकांक्षा को सही दिशा देने वाला दोस्त बन सकता है, जबकि मूलांक 5 बातचीत और मानसिक तालमेल के कारण इनके करीब आ सकता है। मूलांक 9 इनके भीतर उत्साह और संघर्ष करने की ऊर्जा बढ़ा सकता है, वहीं मूलांक 2 दोस्ती में भावनात्मक संतुलन ला सकता है।
हालांकि, मूलांक 1 को अपनी नेतृत्व करने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण रखना चाहिए, क्योंकि दोस्ती में हर फैसला अपनी इच्छा से लेने की कोशिश रिश्ते में दूरी पैदा कर सकती है। इनके लिए सबसे अच्छी दोस्ती वही होगी जिसमें नेतृत्व के साथ सामने वाले की राय का सम्मान भी हो।
मूलांक 2 वालों के लिए कौन बन सकता है सच्चा दोस्त
किसी महीने की 2, 11, 20 या 29 तारीख में जन्मे लोगों का मूलांक 2 होता है। मूलांक 2 का संबंध चंद्रमा से माना जाता है। चंद्रमा मन, भावनाओं और संवेदनशीलता का प्रतिनिधित्व करता है। इस कारण मूलांक 2 वाले लोग दोस्ती को केवल मौज-मस्ती का रिश्ता नहीं मानते, बल्कि इसमें भावनात्मक जुड़ाव और भरोसे को भी काफी महत्व देते हैं। इन्हें ऐसा दोस्त पसंद आता है जिसके सामने वे बिना झिझक अपने मन की बात रख सकें और जिसे उनकी भावनाओं की कद्र हो।
मूलांक 1, 3, 6 और 7 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं। मूलांक 6 इनके साथ भावनात्मक तालमेल बना सकता है, जबकि मूलांक 7 इनकी गहराई और निजी भावनाओं को समझने वाला दोस्त बन सकता है। मूलांक 1 इन्हें आत्मविश्वास दे सकता है और मूलांक 3 सही सलाह तथा सकारात्मक सोच प्रदान कर सकता है। दूसरी ओर मूलांक 4 और 5 के साथ भावनाओं और व्यवहार के स्तर पर अंतर महसूस हो सकता है। इस कारण मूलांक 2 वालों के लिए जरूरी है कि वे हर बात को तुरंत दिल पर लेने के बजाय सामने वाले की परिस्थिति और इरादे को समझने की कोशिश करें।
मूलांक 3 वालों के अच्छे दोस्त होते हैं ये मूलांक
महीने की 3, 12, 21 या 30 तारीखों में जन्मे लोगों का मूलांक 3 होता है। मूलांक 3 का संबंध गुरु से माना जाता है। गुरु को ज्ञान, बुद्धि, विस्तार, मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच का कारक माना जाता है। मूलांक 3 वाले व्यक्ति दोस्ती में अक्सर सलाह देने वाले और अपने करीबियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करने वाले हो सकते हैं।इनके लिए मूलांक 1, 2 और 9 का तालमेल अच्छा माना जाता है।
मूलांक 1 के साथ लक्ष्य और महत्वाकांक्षा का मेल हो सकता है, जबकि मूलांक 2 इनके साथ भावनात्मक संतुलन बनाए रख सकता है। मूलांक 9 की ऊर्जा और साहस मूलांक 3 की योजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, मूलांक 3 को यह ध्यान रखना चाहिए कि उसकी सलाह देने की आदत दोस्ती में उपदेश का रूप न ले ले। सच्ची दोस्ती में केवल सलाह देना नहीं, बल्कि सामने वाले की बात सुनना भी जरूरी है। इस कारण मूलांक 3 के लिए सबसे मजबूत दोस्ती वही होगी, जिसमें ज्ञान और मार्गदर्शन के साथ बराबरी का सम्मान भी बना रहे।
मूलांक 4 वालों के लिए कौन हो सकता है भरोसेमंद दोस्त
मूलांक 4 का संबंध राहु से माना जाता है। महीने की 4, 13, 22 या 31 तारीखों में जन्मे लोगों का मूलांक 4 होता है। इसे अलग सोच, प्रयोग करने की प्रवृत्ति और पारंपरिक रास्तों से हटकर विचार करने वाले अंक के रूप में देखा जाता है। मूलांक 4 वाले लोग हर किसी को जल्दी अपना करीबी नहीं बनाते, लेकिन जिस व्यक्ति पर भरोसा हो जाए उसके साथ गहरी दोस्ती निभा सकते हैं।
मूलांक 5, 6, 7 और 8 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं। मूलांक 5 इनकी नई सोच और प्रयोग करने की प्रवृत्ति को समझ सकता है, जबकि मूलांक 6 दोस्ती में अपनापन और संतुलन ला सकता है। मूलांक 7 के साथ मानसिक स्तर पर गहरी समझ बन सकती है और मूलांक 8 इनके संघर्ष तथा व्यावहारिक दृष्टिकोण को समझने वाला दोस्त हो सकता है। मूलांक 4 को हालांकि अपनी बात पर अड़े रहने की प्रवृत्ति से बचना चाहिए। अगर यह दोस्त की स्वतंत्र सोच को जगह देता है तो इसकी दोस्ती ज्यादा लंबे समय तक टिक सकती है।
मूलांक 5 वालों को किस मूलांक से मिल सकता है अच्छा दोस्त
महीने की 5, 14 या 23 तारीख को जन्म लेने वालों का मूलांक 5 होता है। मूलांक 5 का संबंध बुध से माना जाता है। बुध बुद्धि, संवाद, हास्य, जिज्ञासा और परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने की क्षमता से संबंधित माना जाता है। इसलिए मूलांक 5 वालों के लिए दोस्ती में मानसिक जुड़ाव और खुलकर बातचीत करना बहुत महत्वपूर्ण होता है। इन्हें ऐसा दोस्त पसंद आता है जिसके साथ बातचीत के लिए किसी खास विषय की जरूरत न पड़े।
मूलांक 1, 4, 6 और 8 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं। मूलांक 1 इनके आत्मविश्वास को बढ़ा सकता है, मूलांक 4 इनके साथ नए विचारों पर जुड़ सकता है, मूलांक 6 दोस्ती में अपनापन ला सकता है और मूलांक 8 स्थिरता प्रदान कर सकता है। मूलांक 5 वालों को अपनी स्वतंत्रता बहुत प्रिय होती है, इसलिए इन्हें दोस्ती में जरूरत से ज्यादा रोक-टोक पसंद नहीं आती है। हालांकि, आजादी के नाम पर सामने वाले की भावनाओं को नजरअंदाज करना भी ठीक नहीं होगा। इनके लिए सबसे अच्छी दोस्ती वही है जिसमें स्वतंत्रता और भावनात्मक सम्मान दोनों साथ चलें।
मूलांक 6 वालों के लिए कौन बन सकता है सच्चा दोस्त
महीने की 6, 15 या 24 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 6 होता है।मूलांक 6 का संबंध शुक्र से माना जाता है। शुक्र प्रेम, संबंध, आकर्षण, सामंजस्य और जीवन में सुख-सुविधाओं का कारक माना जाता है। मूलांक 6 वाले लोग दोस्ती में काफी केयरिंग और भावनात्मक रूप से जुड़े हुए हो सकते हैं। वे अपने दोस्तों की मदद करने में पीछे नहीं हटते और बदले में ईमानदारी तथा सम्मान की उम्मीद रखते हैं।
मूलांक 4, 5, 7 और 8 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं। मूलांक 5 इनके साथ बातचीत और उत्साह बनाए रख सकता है, मूलांक 7 गहरी समझ प्रदान कर सकता है और मूलांक 8 दोस्ती में स्थिरता तथा जिम्मेदारी ला सकता है। मूलांक 6 को यह समझना चाहिए कि हर दोस्त अपनी भावनाएं उसी तरह व्यक्त नहीं करता जैसे वह स्वयं करता है। इस कारण दोस्ती में किए गए हर काम के बदले समान प्रतिक्रिया की अपेक्षा रखने के बजाय सामने वाले की प्रकृति को समझना इनके लिए ज्यादा फायदेमंद होगा।
मूलांक 7 वालों के लिए कौन बन सकता है गहरा दोस्त
महीने की 7, 16 या 25 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 7 होता है। मूलांक 7 का संबंध केतु से माना जाता है। केतु को गहराई, आत्मचिंतन, शोध और आध्यात्मिक प्रवृत्ति से जोड़ा जाता है। मूलांक 7 वाले लोग बहुत अधिक लोगों को अपना करीबी नहीं बनाते और सतही रिश्तों की बजाय गहरी समझ वाले संबंधों को महत्व देते हैं। इनके लिए मूलांक 2, 4, 5 और 6 अनुकूल माने जाते हैं।
मूलांक 2 इनकी भावनाओं को समझ सकता है, मूलांक 4 इनके अलग दृष्टिकोण से जुड़ सकता है, मूलांक 5 बातचीत के जरिए इनके साथ सहज संबंध बना सकता है और मूलांक 6 दोस्ती में भावनात्मक गर्माहट ला सकता है। मूलांक 7 को अपनी चुप्पी को हमेशा सामने वाले से समझ लेने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। कई बार मन की बात स्पष्ट रूप से कह देना रिश्ते को बचाने के लिए जरूरी होता है। इस कारण इनके लिए मजबूत दोस्ती का आधार गहरा भरोसा होने के साथ स्पष्ट संवाद भी है।
मूलांक 8 वालों की किससे मजबूत हो सकती है दोस्ती
महीने की 8, 17 या 26 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 8 होता है। मूलांक 8 का संबंध शनि से माना जाता है। शनि कर्म, अनुशासन, धैर्य, जिम्मेदारी और लंबे समय तक टिके रहने की शक्ति से जुड़ा है। इसलिए मूलांक 8 वाले लोग दोस्ती में दिखावे की बजाय वास्तविक भरोसे को महत्व दे सकते हैं। ये किसी को जल्दी अपना करीबी नहीं बनाते, लेकिन एक बार विश्वास कायम हो जाने के बाद लंबे समय तक रिश्ता निभाने की कोशिश कर सकते हैं।
मूलांक 4, 5 और 6 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं। मूलांक 4 इनके संघर्षों और अलग सोच को समझ सकता है, मूलांक 5 इनके जीवन में मानसिक लचीलापन और संवाद ला सकता है, जबकि मूलांक 6 इनके गंभीर स्वभाव में भावनात्मक संतुलन ला सकता है। मूलांक 8 को हालांकि यह ध्यान रखना चाहिए कि हर दोस्त उसकी तरह धीरे-धीरे भावनाएं व्यक्त नहीं करता। इसलिए रिश्ते में जरूरत से ज्यादा दूरी बनाए रखने के बजाय समय-समय पर अपनी भावनाएं व्यक्त करना दोस्ती को मजबूत कर सकता है।
मूलांक 9 वालों के लिए कौन हो सकता है सबसे अच्छा दोस्त
महीने की 9, 18 या 27 तारीख को जन्मे लोगों का मूलांक 9 होता है। मूलांक 9 का संबंध मंगल से माना जाता है। मंगल साहस, ऊर्जा, उत्साह, संघर्ष और सुरक्षा की भावना से जुड़ा है। मूलांक 9 वाले लोग अपने करीबी दोस्तों के लिए काफी प्रोटेक्टिव हो सकते हैं और जरूरत पड़ने पर उनके साथ मजबूती से खड़े रहने की कोशिश करते हैं। मूलांक 1, 2 और 3 इनके लिए अनुकूल माने जाते हैं।
मूलांक 1 के साथ नेतृत्व और आत्मविश्वास का तालमेल बन सकता है, मूलांक 2 भावनात्मक समझ प्रदान कर सकता है और मूलांक 3 सही दिशा तथा सकारात्मक सोच देने वाला दोस्त हो सकता है। हालांकि, मूलांक 9 के तेज स्वभाव और तुरंत प्रतिक्रिया देने की प्रवृत्ति के कारण कभी-कभी छोटी बात भी विवाद में बदल सकती है।
इस कारण इन्हें दोस्ती में अपने गुस्से पर नियंत्रण रखना चाहिए और हर मतभेद को व्यक्तिगत लड़ाई नहीं बनाना चाहिए। इनके लिए सच्ची दोस्ती वही होगी जिसमें दोस्त के लिए मजबूती से खड़े होने के साथ उसकी स्वतंत्र राय का सम्मान भी किया जाए।
मूलांक के हिसाब से फ्रेंडशिप कंपैटिबिलिटी
अंकज्योतिषीय दृष्टि से मूलांक 1 के लिए 2, 3, 5 और 9, मूलांक 2 के लिए 1, 3, 6 और 7, मूलांक 3 के लिए 1, 2 और 9, मूलांक 4 के लिए 5, 6, 7 और 8, मूलांक 5 के लिए 1, 4, 6 और 8, मूलांक 6 के लिए 4, 5, 7 और 8, मूलांक 7 के लिए 2, 4, 5 और 6, मूलांक 8 के लिए 4, 5 और 6 तथा मूलांक 9 के लिए 1, 2 और 3 को अनुकूल मैत्री अंक माना जा सकता है।
वहीं, कुछ अंक सम या उदासीन माने जाते हैं, जबकि कुछ के साथ अतिरिक्त समझ की आवश्यकता हो सकती है। यह वर्गीकरण किसी व्यक्ति को अच्छा या बुरा घोषित नहीं करता, बल्कि दो अंकों के बीच संभावित व्यवहारिक तालमेल को समझने का एक पारंपरिक तरीका है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
