Khatu Shyam Mandir: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित खाटूश्यामजी मंदिर देशभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर दिन हजारों भक्त बाबा श्याम के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर प्रशासन द्वारा जारी की गई किसी भी विशेष सूचना का श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व होता है। इसी क्रम में श्री श्याम मंदिर कमेटी (रजि.) खाटूश्यामजी ने आगामी विशेष सेवा-पूजा को लेकर एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है।
मंदिर कमेटी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 19 जून 2026 शुक्रवार के दिन, श्री श्याम प्रभु की विशेष सेवा-पूजा और तिलक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान के कारण आम श्रद्धालुओं के लिए दर्शन व्यवस्था कुछ समय के लिए बंद रहेगी। कमेटी ने सभी श्याम भक्तों से सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है। आइए जानते हैं कब से कब तक बंद रहेगा मंदिर और फिर कब शुरू होंगे दर्शन (Khatu Shyam Darshan)।
कब से कब तक बंद रहेंगे दर्शन
मंदिर प्रसाशन द्वारा जारी सूचना के अनुसार, 18 जून 2026 की रात्रि 10 बजे से लेकर 19 जून 2026 की सुबह 5 बजे तक श्री श्याम प्रभु के आम दर्शन बंद रहेंगे। इस दौरान मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, सेवा और तिलक संबंधी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे। इसलिए इस अवधि में आने वाले श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे। 19 जून की सुबह 5 बजे से भक्त फिर से बाबा श्याम के दर्शन कर पाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कुंडली मिलान में दिखें ये दोष तो न करें शादी, घरेलू कलह और अलगाव से लेकर तलाक की बन सकते हैं वजह
विशेष पूजा का धार्मिक महत्व
खाटूश्यामजी मंदिर में समय-समय पर विशेष सेवा-पूजा और तिलक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन अवसरों पर मंदिर के गर्भगृह और पूजा व्यवस्थाओं को विशेष रूप से सजाया जाता है तथा परंपरागत विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाते हैं। मान्यता है कि ऐसे अवसरों पर की जाने वाली पूजा-अर्चना से मंदिर की आध्यात्मिक गरिमा और अधिक बढ़ जाती है।

खाटू श्याम मंदिर
भक्तों से सहयोग की अपील
श्री श्याम मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे दर्शन के लिए निर्धारित बंद अवधि के बाद ही मंदिर पहुंचें। इससे व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी और भक्तों को भी बिना वजह परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। कमेटी ने कहा है कि विशेष पूजा संपन्न होने के बाद नियमित दर्शन व्यवस्था फिर से शुरू कर दी जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शुरू हो गया इन 5 राशियों का अच्छा समय, 'राजकुमार' के घर पहुंच गए हैं 'राजा'
समय देखकर बनाएं यात्रा की योजना
यदि आप 18 या 19 जून को खाटूश्यामजी आने की योजना बना रहे हैं, तो इस सूचना को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा का समय तय करें। विशेष रूप से दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए यह जानकारी महत्वपूर्ण है, ताकि वे मंदिर बंद अवधि के दौरान पहुंचकर असुविधा से बच सकें।
खाटूश्यामजी मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। ऐसे में विशेष सेवा-पूजा जैसे आयोजनों के दौरान मंदिर प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना प्रत्येक भक्त की जिम्मेदारी है। श्रद्धालुओं के सहयोग से ही व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती हैं और सभी भक्त बाबा श्याम के दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त कर पाते हैं।
