अध्यात्म

Bada Mangal 2026 : ज्येष्ठ का आखिरी बड़ा मंगल आज, जरूर करें ये 5 काम

Jyeshtha Ka Aakhiri Bada Mangal 2026 : 23 जून को ज्येष्ठ माह का आखिरी मंगलवार है। आज के दिन हनुमान जी की कृपा प्राप्त करने के लिए कुछ उपाय किए जा सकते हैं।

Image

बड़े मंगल पर क्या करें

Jyeshtha Ka Aakhiri Bada Mangal 2026 : हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन भगवान हनुमान जी को समर्पित माना जाता है। वहीं, ज्येष्ठ महीने में आने वाले सभी मंगलवार का विशेष महत्व होता है। इन्हें बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल के नाम से जाना जाता है। मान्यता है कि ज्येष्ठ माह के मंगलवार को हनुमान जी की पूजा, व्रत और दान करने से विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है।

साल 2026 में ज्येष्ठ माह का आखिरी बड़ा मंगल 23 जून, मंगलवार को पड़ रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ बजरंगबली की आराधना करने से जीवन में आने वाली परेशानियां कम होती हैं और हनुमान जी अपने भक्तों को साहस, शक्ति और सफलता का प्रदान करते हैं। जो लोग पूरे ज्येष्ठ माह में बड़ा मंगल का व्रत या पूजा नहीं कर पाए हैं, वे अंतिम बड़े मंगल के दिन भी हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा कर सकते हैं। मान्यता है कि इस दिन किए गए धार्मिक कार्यों का फल कई गुना बढ़ जाता है।

बड़ा मंगल पर हनुमान पूजा का शुभ समय

23 जून 2026 को हनुमान जी की पूजा के लिए कई शुभ समय रहेंगे। इस दिन ब्रह्म मुहूर्त सुबह 4 बजकर 04 मिनट से 4 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त सुबह 11 बजकर 55 मिनट से दोपहर 12 बजकर 51 मिनट तक रहेगा। वहीं, शाम के समय पूजा के लिए 7 बजकर 22 मिनट से रात 8 बजकर 23 मिनट तक का समय शुभ माना जा रहा है।

बड़ा मंगल पर जरूर करें ये 5 काम

मान्यता है कि आखिरी बड़े मंगल पर कुछ कार्यों को करने से हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है। इसके साथ ही सभी प्रकार के संकटों का नाश हो जाता है। आइए जानते हैं कि वे कौन से काम हैं, जिन्हें आपको आखिरी मंगलवार के दिन करना चाहिए।

1. हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का करें पाठ

बड़े मंगल के दिन हनुमान जी की आराधना में हनुमान चालीसा का पाठ करना बेहद शुभ माना जाता है। मान्यता है कि श्रद्धा से हनुमान चालीसा का पाठ करने से भय, चिंता और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है। इस दिन सुंदरकांड का पाठ करना भी विशेष फलदायी माना जाता है।

2. हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करें

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, हनुमान जी को सिंदूर और चमेली का तेल बहुत प्रिय है। बड़े मंगल के दिन बजरंगबली को सिंदूर और चमेली का तेल अर्पित करने से उनकी कृपा प्राप्त होती है। इसके साथ ही लाल फूल चढ़ाना भी शुभ माना जाता है।

3. गुड़-चना और लड्डू का भोग

बड़ा मंगल के दिन हनुमान जी को गुड़-चना, बूंदी के लड्डू, केला या नारियल का भोग लगाना शुभ माना जाता है। पूजा के बाद प्रसाद को परिवार के लोगों और अन्य भक्तों में बांटना चाहिए।

4. जरूरतमंद लोगों को दान

ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगल पर दान-पुण्य का विशेष महत्व बताया गया है। इस दिन अन्न, जल, फल, वस्त्र या अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए। मान्यता है कि दान करने से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

5. हनुमान मंदिर में दीपक जलाएं

बड़े मंगल के दिन हनुमान मंदिर जाकर दीपक जलाना शुभ माना जाता है। अगर मंदिर जाना संभव न हो तो घर के पूजा स्थान पर भी दीपक जलाकर बजरंगबली का ध्यान किया जा सकता है। इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है।

ऐसे करें बड़ा मंगल पर पूजा

बड़ा मंगल के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ वस्त्र धारण करें। इसके बाद पूजा स्थान पर हनुमान जी की प्रतिमा या तस्वीर स्थापित करें। हनुमान जी को लाल वस्त्र, लाल फूल, सिंदूर, चमेली का तेल और भोग अर्पित करें। इसके बाद हनुमान चालीसा का पाठ करें और भगवान हनुमान से परिवार की सुख-शांति और जीवन की परेशानियों को दूर करने की प्रार्थना करें। शाम के समय भी दीपक जलाकर हनुमान जी का स्मरण करना शुभ माना जाता है।

बड़ा मंगल क्यों है खास

मान्यता है कि ज्येष्ठ महीने में भगवान राम से हनुमान जी की विशेष भेंट हुई थी, इसलिए इस महीने के मंगलवारों को बहुत खास माना जाता है। बड़ा मंगल के दिन हनुमान जी की पूजा करने से भक्तों को बल, बुद्धि और साहस की प्राप्ति होती है। ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगल पर श्रद्धा, सेवा और भक्ति भाव से पूजा करने से जीवन में सकारात्मक बदलाव आने की मान्यता है। इस दिन हनुमान जी का नाम स्मरण करना और अच्छे कर्म करना विशेष शुभ माना जाता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article