Jitiya 2024 Nahae Khae Kab Hai (जितिया नहाय खाय कब है 2024): जितिया व्रत तीन दिन तक चलता है जिसकी शुरुआत आश्विन कृष्ण पक्ष की सप्तमी तिथि से होती है और समापन नवमी के दिन होता है। ये व्रत माताएं अपनी संतान की लंबी आयु और खुशहाल जीवन की कामना से करती हैं। इस व्रत में अन्न और जल किसी भी चीज का सेवन नहीं किया जाता। इसे जीवित्पुत्रिका व्रत के नाम से भी जाना जाता है। चलिए जानते हैं जितिया व्रत कब रखा जाएगा, नहाय खाय की क्या तिथि है और व्रत का पारण कब किया जाएगा।
जितिया व्रत 2024 तारीख और समय
जितिया व्रत की तिथि की शुरुआत 24 सितंबर की दोपहर 12 बजकर 38 मिनट से हो जाएगी और इसकी समाप्ति 25 सितंबर की दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर होगी। उदया तिथि के अनुसार जितिया व्रत 25 सितंबर को रखा जाएगा। बता दें हर साल जितिया व्रत आश्विन माह में आने वाली कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रखा जाता है। इस साल जितिया व्रत पूजा का शुभ मुहूर्त 25 सितंबर को 10:41 AM से 12:12 PM तक रहेगा।
जितिया नहाय खाय कब है 2024
इस साल जितिया व्रत का नहाय खाय 24 सितंबर को है। बता दें नहाय खाय पूजा जितिया व्रत से एक दिन पहले की जाती है। इस दिन महिलाएं स्नान करके सात्विक भोजन करती हैं। इस दिन व्रती सिर्फ एक बार ही भोजन ग्रहण करते हैं।
जितिया निर्जला व्रत 2024
24 सितंबर को नहाय खाय की पूजा के बाद 25 सितंबर को महिलाएं निर्जला व्रत रखेंगी। इस दिन व्रती पूरे दिन अन्न और जल किसी भी चीज का सेवन नहीं करती हैं। शुभ मुहूर्त में जितिया की पूजा की जाती है और साथ ही व्रत कथा भी सुनी जाती है।
जितिया व्रत का पारण 2024
इस साल जितिया व्रत का पारण 26 सितंबर को किया जाएगा। इस दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान कर लें और विधि विधान पूजा करने के बाद सूर्योदय के बाद व्रत का पारण करें। व्रत का पारण रागी की रोटी, तोरई की सब्जी, चावल और नोनी का साग खाकर करने की परंपरा है।
