अध्यात्म

कमाई बढ़ाने का आ गया समय, इन 5 राशियों को मालामाल करेगा दशांक योग

Budh Mangal Dashank Yog 2026 : 14 अगस्त को बुध और मंगल एक दूसरे से 36 डिग्री पर आ गए हैं। इससे दशांक योग का निर्माण हो गया है। आइए जानते हैं कि यह योग किनके लिए अच्छा रहेगा।

Image

बुध मंगल का दशांक योग किन राशि वालों के लिए शुभ रहेगा

Budh Mangal Dashank Yog 2026 : 14 अगस्त 2026 को बुध और मंगल के बीच दशांक योग बनने जा रहा है। दोपहर 12 बजकर 37 मिनट पर दोनों ग्रह करीब 36 डिग्री के कोण पर आ जाएंगे। मौजूदा निरयन गोचर में मंगल मिथुन राशि में 7 डिग्री से अधिक और बुध कर्क राशि में करीब 13 डिग्री पर स्थित हैं। बुध पुष्य नक्षत्र में और मंगल आर्द्रा नक्षत्र में हैं। खास बात यह है कि कर्क राशि में बुध के साथ इस समय उच्च के गुरु भी मौजूद हैं।

ज्योतिषीय दृष्टि से बुध बुद्धि, तर्क, व्यापार, गणना, कम्युनिकेशन और निर्णय क्षमता का प्रतिनिधित्व करते हैं। मंगल साहस, पराक्रम, ऊर्जा, टेक्निकल क्षमता और काम को अंजाम तक पहुंचाने की शक्ति देते हैं। इस कारण दोनों के बीच बनने वाला दशांक संबंध केवल किस्मत का योग नहीं है। इसका वास्तविक फायदा वहां दिखाई देता है जहां बुद्धि के बाद तुरंत एक्शन लेना जरूरी हो। हालांकि इसका प्रभाव सभी राशियों के लिए एक जैसा नहीं होगा। राशि के भाव स्वामित्व और गोचर स्थिति को मिलाकर देखें तो यह योग कुछ राशियों के लिए बेहद ही शुभ रहने वाला है।

वृषभ राशि

वृषभ राशि के लिए बुध दूसरे और पंचम भाव के स्वामी हैं। यानी बुध धन और बुद्धि दोनों से जुड़े ग्रह बनते हैं। अभी बुध तीसरे भाव में हैं। तीसरा भाव प्रयास, कम्युनिकेशन, लेखन, मार्केटिंग, सेल्स, सोशल नेटवर्क और अपनी क्षमता के दम पर आगे बढ़ने का भाव है। दूसरी तरफ मंगल सातवें और बारहवें भाव के स्वामी होकर दूसरे भाव में स्थित हैं। इस वजह से इस दशांक योग का प्रभाव खासतौर पर बिजनेस और कम्युनिकेशन से कमाई के रूप में दिखाई दे सकता है।

मीडिया, सेल्स, मार्केटिंग, कंटेंट, ट्रेडिंग, डिजिटल बिजनेस और कंसल्टिंग से जुड़े लोगों को नए काम मिल सकते हैं। बातचीत के जरिए कोई डील फाइनल हो सकती है। पुराने संपर्क आर्थिक रूप से उपयोगी साबित हो सकते हैं। हालांकि, मंगल दूसरे भाव में होने के कारण वाणी में तेजपन भी ला सकता है। बिजनेस बातचीत में जल्दबाजी या कठोर शब्द नुकसान कर सकते हैं। इस कारण इस योग का पूरा फायदा तभी मिलेगा जब बुध की समझदारी पर मंगल की तेजी हावी न होने दी जाए। धन-पंचमेश बुध का प्रयास भाव में होना और मंगल का धन भाव को सक्रिय करना स्किल को कमाई में बदलने की स्थिति बनाता है।

कन्या राशि

कन्या राशि वालों के लिए यह दशांक योग करियर के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। बुध आपकी राशि के स्वामी होने के साथ-साथ कर्म भाव के स्वामी हैं और इस समय लाभ भाव में बैठे हैं। मंगल तीसरे और आठवें भाव के स्वामी होकर कर्म भाव में स्थित हैं। इसका सीधा मतलब है कि काम बढ़ेगा तो उसका फायदा भी मिल सकता है। नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। कोई ऐसा प्रोजेक्ट हाथ लग सकता है जिससे सीनियर्स के बीच आपकी पकड़ मजबूत हो।

प्रमोशन या सैलरी में सुधार के लिए भी यह समय महत्वपूर्ण हो सकता है। बिजनेस वालों को पुराने संपर्कों से फायदा मिलने की संभावना है। नए क्लाइंट और नए प्रोजेक्ट मिलने के योग बन सकते हैं। मंगल कर्म भाव में होने के कारण इस दौरान काम की रफ्तार बढ़ेगी। आपको बैठकर अवसर का इंतजार करने के बजाय खुद प्रयास करने होंगे। लग्नेश और कर्मेश बुध लाभ भाव में हैं जबकि मंगल कर्म भाव को सक्रिय कर रहे हैं। यह संयोजन मेहनत को परिणाम में बदलने की क्षमता रखता है।

सिंह राशि

सिंह राशि के लिए मंगल सबसे महत्वपूर्ण ग्रहों में से एक हैं क्योंकि वे चौथे और नवम भाव के स्वामी होकर योगकारक बनते हैं। मंगल इस समय 11वें भाव में हैं। ग्यारहवां भाव आय, लाभ, नेटवर्क और इच्छापूर्ति का है। इसका मतलब है कि स्वयं योगकारक मंगल लाभ भाव को सक्रिय कर रहे हैं। यहीं से दशांक योग की असली ताकत सामने आती है। बुध दूसरे और ग्यारहवें भाव के स्वामी होकर 12वें भाव में हैं।

इस कारण लाभ का संबंध विदेशी कंपनियों, विदेश, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, MNC, दूर स्थान और बड़े खर्च वाले प्रोजेक्ट्स से बन सकता है। जिन लोगों का काम डिजिटल, इंटरनेशनल क्लाइंट्स, आईटी, मीडिया, एक्सपोर्ट-इंपोर्ट या ऑनलाइन बिजनेस से जुड़ा है, उन्हें इस योग से ज्यादा फायदा मिल सकता है। यहां पैसा सिर्फ 'अचानक हाथ में आना' नहीं है। बल्कि नए नेटवर्क से इनकम का रास्ता खुलना ज्यादा सटीक फल है। योगकारक मंगल लाभ भाव में और लाभेश बुध द्वादश भाव में हैं। इससे विदेश, ऑनलान, नेटवर्क बेस्ड इनकम की संभावना बढ़ती है।

तुला राशि

तुला राशि के लिए इस योग की सबसे खास बात है कि बुध आपके नवम और द्वादश भाव के स्वामी होकर दशम भाव में बैठे हैं। दशम भाव करियर, प्रतिष्ठा और कामकाज का है। वहीं मंगल दूसरे और सातवें भाव के स्वामी होकर नवम भाव में स्थित हैं। यानी यहां भाग्य और कर्म का सीधा संबंध बन रहा है। अगर आप जॉब में बदलाव का सोच रहे हैं तो कोई बेहतर अवसर सामने आ सकता है। पहले से काम कर रहे लोगों को प्रमोशन, नई जिम्मेदारी या किसी महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का मौका मिल सकता है।

बिजनेस करने वालों के लिए यह योग विदेश, दूसरे शहर, बड़े संस्थान या प्रभावशाली व्यक्ति के जरिए काम मिलने का संकेत दे सकता है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि तुला राशि के दशम भाव कर्क में इस समय गुरु उच्च स्थिति में बैठे हैं। इससे करियर क्षेत्र का सकारात्मक प्रभाव और मजबूत होता है। नवमेश बुध का कर्म भाव में और दूसरे भाव के स्वामी मंगल का भाग्य भाव में होना भाग्य को कर्म से जोड़ रहा है। यही इस योग की सबसे बड़ी ताकत है।

मीन राशि

मीन राशि के लिए मंगल दूसरे और नवम भाव के स्वामी हैं और इस समय चौथे भाव में हैं। बुध चौथे और सातवें भाव के स्वामी होकर पंचम भाव में स्थित हैं। यहां एक साथ कई महत्वपूर्ण भाव जैसे धन, भाग्य, सुख-सुविधा, शिक्षा और पार्टनरशिप आदि एक्टिव हो रहे हैं। प्रॉपर्टी खरीदने या बेचने की योजना बना रहे लोगों को कोई अच्छा अवसर मिल सकता है। घर या वाहन से जुड़ा फैसला भी आगे बढ़ सकता है। स्टूडेंट्स और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए भी समय उपयोगी हो सकता है।

पंचम भाव में बुध सोचने, विश्लेषण करने और किसी विषय को जल्दी समझने की क्षमता को मजबूत करता है। बिजनेस करने वालों को पार्टनरशिप से लाभ मिल सकता है। रिलेशनशिप्स में भी किसी महत्वपूर्ण फैसले की स्थिति बन सकती है। कर्क मीन राशि से पंचम भाव है और इसी कर्क में उच्च गुरु बैठे हैं। इस कारण शिक्षा, बुद्धि, क्रिएटिव काम और संतान से जुड़े मामलों में भी गुरु का भी सपोर्ट मिल सकता है। धन और भाग्य के स्वामी मंगल का सुख भाव में तथा बुध का पंचम भाव में होना इस योग को धन और ज्ञान दोनों से जोड़ता है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article