Bina Ekadashi Vrat Ke Pura Fal Kaise Prapt Karen : सनातन धर्म में एकादशी का विशेष महत्व बताया गया है। यह दिन भगवान विष्णु की भक्ति, आत्मसंयम और मन की शुद्धि का प्रतीक माना जाता है। हर महीने दो बार आने वाली एकादशी को पापों से मुक्ति और पुण्य प्राप्ति का श्रेष्ठ अवसर कहा गया है। हालांकि, आज की व्यस्त लाइफ में कई लोग किसी न किसी कारण से व्रत नहीं रख पाते हैं।
वहीं, कुछ उपायों से आप बिना व्रत रखे भी एकादशी का पूरा फल प्राप्त कर सकते हैं? खासतौर पर 27 अप्रैल को पड़ने वाली मोहिनी एकादशी के दिन यह उपाय और भी प्रभावी माने जाते हैं।
एकादशी का क्या है महत्व?
एकादशी का मतलब केवल भूखे रहना नहीं है, बल्कि यह 11 इंद्रियों पर नियंत्रण रखने का दिन होता है। इन 11 इंद्रियों में पांच ज्ञानेंद्रिय, पांच कर्मेंद्रिय और एक मन शामिल होता है। अगर व्यक्ति इस दिन अपने मन, वाणी और व्यवहार को संयमित रखता है, तो उसे व्रत के समान ही फल मिलता है। इस कारण एकादशी को केवल खान-पान तक सीमित नहीं माना गया, बल्कि यह एक मानसिक और आध्यात्मिक साधना का दिन भी है।
कर सकते हैं अन्न का त्याग?
अगर आप व्रत नहीं रख सकते, तो भी इस दिन अनाज का त्याग करना सबसे महत्वपूर्ण नियम माना गया है। कोशिश करें कि चावल, गेहूं और दालों का सेवन न करें। ऐसे में आप फल, दूध, ड्राई फ्रूट्स या व्रत में खाई जाने वाली चीजें जैसे साबूदाना और कुट्टू का सेवन कर सकते हैं। इससे शरीर हल्का रहता है और व्रत का पुण्य भी मिलता है।
एक ही बार करें भोजन
अगर किसी कारण से आपको भोजन करना ही पड़े, तो दिन में केवल एक बार हल्का और सात्विक भोजन करना चाहिए। तला-भुना, ज्यादा मसालेदार और भारी भोजन से बचना चाहिए। इस दिन सादा भोजन करने से शरीर और मन दोनों शांत रहते हैं, जिससे भक्ति और ध्यान में मन आसानी से लगता है।
ऐसे मिलेगा व्रत का फल
एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व होता है। सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और भगवान विष्णु की आराधना करें। विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करना अत्यंत शुभ माना जाता है। इसके साथ ही 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करने से मन शुद्ध होता है और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ती है। कहा जाता है कि सच्चे मन से की गई भक्ति उपवास से भी अधिक फलदायी होती है।
26 एकादशियों का करें नाम जप
जो लोग व्रत नहीं रख पाते, उनके लिए एक सरल उपाय यह भी बताया गया है कि वे सालभर की सभी 26 एकादशियों के नाम का स्मरण करें। ऐसा करने से व्यक्ति को व्रत के बराबर पुण्य प्राप्त होता है। यह उपाय खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जो नियमित रूप से उपवास नहीं कर पाते हैं।
इंद्रियों पर नियंत्रण ही असली व्रत है
एकादशी के दिन सिर्फ भोजन ही नहीं, बल्कि अपने व्यवहार पर भी नियंत्रण रखना जरूरी है। झूठ बोलना, क्रोध करना, किसी की बुराई करना या गलत सोच रखना इस दिन वर्जित माना गया है। अगर व्यक्ति पूरे दिन सकारात्मक सोच के साथ रहता है और अपने मन को शांत रखता है, तो यह भी एकादशी व्रत के समान फल देता है।
द्वादशी के दिन इन चीजों का सेवन करना न भूलें
एकादशी के अगले दिन यानी द्वादशी का भी विशेष महत्व होता है। इस दिन तुलसी का पत्ता, गंगाजल और आंवला का सेवन करना शुभ माना जाता है। ऐसा करने से एकादशी का पूरा फल प्राप्त होता है और शरीर भी शुद्ध होता है।
27 अप्रैल को है मोहिनी एकादशी
वैशाख माह की शुक्ल पक्ष की एकादशी को मोहिनी एकादशी कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण किया था। इस एकादशी का व्रत करने या इसके नियमों का पालन करने से व्यक्ति के जीवन से नकारात्मकता दूर होती है और सुख-समृद्धि का मार्ग खुलता है। अगर कोई व्यक्ति इस दिन व्रत नहीं रख पा रहा है, तो ऊपर बताए गए उपाय अपनाकर भी वह इसका पूरा लाभ प्राप्त कर सकता है।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
