भाई दूज 2025 में कब है (Bhai dooj 2025 date), when is Bhai dooj 2025 in India: पंचांग के अनुसार भाई दूज का पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। दिवाली के पांच दिवसीय त्योहारों में यह सबसे अंतिम दिन पर मनाया जाता है। यह पर्व भाई-बहन के स्नेह का प्रतीक है और इसकी कहानी यमुना जी और यम देवता से जुड़ी है। देखें भाई दूज 2025 में कब मनाया जाएगा और क्या रहेगा तिलक लगाने का शुभ समय।
भाई दूज 2025 कब है
2025 में भाई दूज का पर्व 23 अक्टूबर को गुरुवार के दिन मनाया जाएगा। इस दिन भाई को तिलक करने का समय दोपहर 13:13 से 15:28 के बीच का रहेगा। इस तरह भाई दूज के शुभ मुहूर्त की अवधि 2 घंटे 15 मिनट की रहेगी। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि का आरंभ अक्टूबर 22, 2025 को रात 20:16 बजे से होगा। वहीं इस तिथि का समापन अक्टूबर 23, 2025 को रात 22:46 बजे पर होगा।
भाई दूज के अन्य नाम क्या हैं
भाई दूज को यम द्वितीया कहा जाता है। मान्यता है कि इसी दिन यमुना ने अपने भाई यम को अपने घर आने का आमंत्रण भेजा था। इस पर्व को भाऊ बीज, भाई दूज, भात्र द्वितीया, भाई द्वितीया एवं भतरु द्वितीया भी कहा जाता है।
भाई दूज कैसे मनाया जाता है
भाई दूज के दिन बहनें सुबह पूजा करके फिर शुभ समय में अपने भाइयों का तिलक कर उनकी सफलता व लंबी उम्र की कामना करती हैं। भाई का तिलक करके उनकी कलाई पर कलावा बांधने के बाद उनकी आरती उतारती हैं। वहीं भाई अपने सामर्थ्यानुसार बहन को उपहार देता है।
