अध्यात्म

ज्येष्ठ माह का पहला बड़ा मंगल कब है, जानिए इस बार कितने पड़ेंगे बड़ा मंगल और इन दिनों में कैसे करें बजरंगबली को प्रसन्न

Bada Mangal 2026 Dates : ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवारों को बड़ा मंगल कहा है। बीते 2 मई से ज्येष्ठ माह की शुरुआत हो गई है। आइए जानते हैं इस महीने में बड़ा मंगल कब-कब हैं।

Image

ज्येष्ठ माह में कब-कब पड़ेगा बड़ा मंगल

Bada Mangal 2026 Dates : हिंदू धर्म में मंगलवार का दिन भगवान हनुमान को समर्पित माना जाता है, लेकिन जब यही मंगलवार ज्येष्ठ माह में पड़ता है तो इसका महत्व और बढ़ जाता है। ज्येष्ठ महीने के हर मंगलवार को ‘बड़ा मंगल’ कहा जाता है। मान्यता है कि इन दिनों में हनुमान जी की पूजा करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है और भक्तों की मनोकामनाएं जल्दी पूरी होती हैं। साल 2026 में ज्येष्ठ माह अधिक मास के चलते लंबा होने के कारण इस बार कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जो अपने आप में बेहद खास संयोग माना जा रहा है।

2026 में पहला बड़ा मंगल कब है?

साल 2026 में ज्येष्ठ माह की शुरुआत 2 मई से हो गई है और इसी माह का पहला बड़ा मंगल 5 मई 2026, मंगलवार को पड़ेगा। इस दिन से ही बड़े मंगल की शुरुआत मानी जाएगी। धार्मिक दृष्टि से यह दिन बेहद शुभ माना जाता है और इस दिन किए गए पूजा-पाठ और व्रत का विशेष फल मिलता है।

2026 में कितने बड़े मंगल पड़ेंगे?

इस साल ज्येष्ठ माह अधिकमास के चलते लंबा होने के कारण कुल 8 बड़े मंगल पड़ रहे हैं।

  • 5 मई 2026 – पहला बड़ा मंगल
  • 12 मई 2026 – दूसरा बड़ा मंगल
  • 19 मई 2026 – तीसरा बड़ा मंगल
  • 26 मई 2026 – चौथा बड़ा मंगल
  • 2 जून 2026 – पांचवां बड़ा मंगल
  • 9 जून 2026 – छठा बड़ा मंगल
  • 16 जून 2026 – सातवां बड़ा मंगल
  • 23 जून 2026 – आठवां बड़ा मंगल

इन सभी दिनों में हनुमान जी की पूजा करना और व्रत रखना अत्यंत फलदायी माना गया है।

क्यों खास है बड़ा मंगल?

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह में ही भगवान राम और हनुमान जी का मिलन हुआ था। इसी समय हनुमान जी ने लंका दहन किया और उन्हें अमरत्व का आशीर्वाद भी प्राप्त हुआ। यही कारण है कि इस माह के मंगलवार को विशेष रूप से ‘बड़ा मंगल’ कहा जाता है। माना जाता है कि इन दिनों में हनुमान जी की पूजा करने से संकट दूर होते हैं, कष्ट समाप्त होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।

बड़े मंगल पर कैसे करें पूजा?

बड़े मंगल के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करना चाहिए और साफ-सुथरे वस्त्र धारण करने चाहिए। लाल या नारंगी रंग के कपड़े पहनना इस दिन शुभ माना जाता है। इसके बाद हनुमान जी के सामने दीपक जलाकर व्रत का संकल्प लें। पूजा के दौरान हनुमान जी को लड्डू, गुड़-चना, केला या नारियल का भोग लगाएं। इसके बाद हनुमान चालीसा, बजरंग बाण या हनुमान अष्टक का पाठ करें। शाम के समय आरती करके प्रसाद का वितरण करें।

बड़े मंगल के दिन सुंदरकांड का पाठ करना अत्यंत शुभ और फलदायी माना जाता है। यह पाठ न केवल मानसिक शांति देता है बल्कि जीवन के बड़े-बड़े संकटों को भी दूर करने में सहायक होता है। पाठ करते समय हनुमान जी की मूर्ति या चित्र के सामने बैठकर पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके श्रद्धा से पाठ करना चाहिए।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

बड़े मंगल के दिन सात्विकता का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इस दिन क्रोध, झूठ और किसी का अपमान करने से बचना चाहिए। जरूरतमंदों को जल, फल और भोजन का दान करना भी अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। कुल मिलाकर, 2026 का ज्येष्ठ माह हनुमान भक्तों के लिए बेहद खास रहने वाला है। 5 मई से शुरू होकर 23 जून तक चलने वाले इन 8 बड़े मंगल के दौरान अगर श्रद्धा और नियम से पूजा की जाए, तो जीवन की कई परेशानियों से छुटकारा पाया जा सकता है और हनुमान जी की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक शास्त्र पर आधारित है तथा केवल सूचना के लिए दी जा रही है। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article