Amavasya Daan List: अमावस्या तिथि को हिंदू धर्म में बेहद खास माना गया है। यह दिन पितरों की शांति, नकारात्मक ऊर्जा से मुक्ति और पुण्य प्राप्ति के लिए श्रेष्ठ माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा से किया गया दान कई गुना फल देता है और जीवन की परेशानियां धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। यही वजह है कि हर अमावस्या पर लोग अपनी क्षमता अनुसार अन्न, वस्त्र, तिल और धन का दान करते हैं। अगर आप भी अमावस्या पर कुछ जान करने का सोच रहे हैं और तय नहीं कर पा रहे हैं कि क्या दान करना चाहिए, तो यहां जानिए कुछ चीजें जिनका दान (Amavasya Par Kya Daan Kare) अमावस्या के दिन करना आपको बड़ा लाभ पहुंचा सकता है।
अमावस्या की दान लिस्ट - Amavasya Daan List
1. काले तिल दान करें
अमावस्या पर काले तिल का दान सबसे शुभ माना जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इससे पितृ दोष शांत होता है और पूर्वजों का आशीर्वाद मिलता है। कुछ लोग इस दिन काले तिल जल में प्रवाहित भी करते हैं और जरूरतमंदों को तिल या तिल से बनी चीजें दान देते हैं।
2. अन्न और भोजन का दान
अमावस्या के दिन भूखे व्यक्ति को भोजन कराने से विशेष पुण्य मिलता है। इस दिन चावल, आटा, दाल या पकाया हुआ भोजन दान करना शुभ माना जाता है। यदि संभव हो तो किसी गरीब, साधु या जरूरतमंद परिवार को भोजन जरूर कराएं।
3. सफेद वस्त्र और चावल
अमावस्या का संबंध चंद्रमा से है, जिसे शांति से भी जोड़कर देखा जाता है। इसके अलावा सफेद संग भी शांति का प्रतीक है, इसलिए सफेद वस्त्र, चावल, दूध या चीनी का दान मानसिक शांति और पारिवारिक सुख के लिए अच्छा माना जाता है। अमावस्या पर यह दान आपको सुख-शांति देने वाला बताया गया है।
4. सरसों का तेल और दीपदान
शनिदोष या राहु-केतु के अशुभ प्रभाव से परेशान लोग अमावस्या पर सरसों के तेल का दान कर सकते हैं। इसके अलावा पीपल के पेड़ के नीचे दीपक जलाना और तेल दान करना भी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे नकारात्मकता दूर होती है और जीवन में स्थिरता आती है।
5. गौदान और पशु-पक्षियों को भोजन खिलाना
अमावस्या के दिन गौदान करने का विशेष महत्व है, लेकिन हर कोई व्यक्ति गौदान नहीं कर सकता, इसलिए आप गाय को चारा भी खिला सकते हैं। अमावस्या के दिन गाय को हरा चारा खिलाना भी पुण्यदायी माना गया है। इसके अलावा पशु-पक्षियों जैसे- कौओं, चींटियों, कुत्तों और पक्षियों को भोजन देना पितरों को तृप्त करने का प्रतीक माना जाता है।
