Ranchi Murder: रांची में दूसरी शादी से नाराज पत्नी केस करने की दे रही थी धमकी, पति ने दिया इस काम को अंजाम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 7, 2022, 06:17 PM IST

Ranchi Police: रांची में एक महिला की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी। उसने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है। इसके साथ ही हत्या की वजह भी बता दी है।

Ranchi Murder: रांची में दूसरी शादी से नाराज पत्नी केस करने की दे रही थी धमकी, पति ने दिया इस काम को अंजाम
Photo Credit: Representative Image

Ranchi News: राजधानी के पंडरा ओपी क्षेत्र अंतर्गत पशु आहार गली की जाह्नवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस गली में किराए के मकान में रहने वाली इस महिला की हत्या उसके पति ने ही की थी। पुलिस की सख्त पूछताछ के बाद आरोपी पति प्रतीक कुमार दास ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया है कि, उसकी दूसरी शादी की जानकारी जाह्नवी को हो गई थी। 

इस पर जाह्नवी उसे केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। इसको लेकर दोनों में विवाद हो रहा था। इससे परेशान होकर गुस्से में उसने जाह्नवी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रतीक कुमार दास ने तीन साल पहले जाह्नवी के साथ इंटर कास्ट मैरिज की थी। शादी के कुछ दिन बाद तक दोनों में सबकुछ ठीक-ठाक चला, लेकिन कुछ महीनों के बाद छोटी-छोटी बातों पर विवाद और लड़ाई-झगड़ा शुरू हो गया था। 

15 दिन पहले ही की है दूसरी शादी 

दरअसल, प्रतीक द्वारा इंटर कास्ट मैरिज किए जाने से उसके परिवार वाले खुश नहीं थे। उसके परिवार वालों ने अपनी मर्जी से 2021 में प्रतीक की सगाई बोकारो की एक लड़की से कर दी थी। 15 दिन पहले ही उस लड़की के साथ प्रतीक की शादी हुई है। प्रतीक का कहना है कि, चार अगस्त की रात 11:30 बजे उसने अपनी पत्नी जाह्नवी के साथ शराब पी और खाना खाया। फिर रात में ही दोनों के बीच विवाद हो गया। आवेश में आकर उसने जाह्नवी की हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया। 

पंडारा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में बनाई गई थी टीम

हत्याकांड का खुलासा करने के लिए पंडरा ओपी प्रभारी चंद्रशेखर कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने घटनास्थल से लेकर मृतका से जुड़ी सभी जगहों पर पूछताछ और जांच-पड़ताल की। शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद संदेह महिला के पति पर और गहरा गया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की गई और वह पकड़ में आ गया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!