Ranchi Crime: रांची में 4 लाख के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों ने पुलिस को बनाया बंधक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 14, 2022, 10:54 PM IST

Ranchi Police: रांची में लाखों के जाली नोट के साथ एक आरोपी पकड़ा गया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 3.75 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए है। पुलिस ने पहले भी एक आरोपी को पकड़ा था। उसी से पूछताछ के आधार पर दूसरा आरोपी पकड़ा गया है।

Ranchi Crime: रांची में 4 लाख के जाली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार, ग्रामीणों ने पुलिस को बनाया बंधक
Photo Credit: Representative Image

Ranchi News: राजधानी रांची में दिल्ली पुलिस ने छापेमारी कर 3.75 लाख रुपये के नकली नोट बरामद कर लिए हैं। रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र में दिल्ली पुलिस ने रांची पुलिस की मदद से छापेमारी को अंजाम दिया। गिरफ्तार किए गए युवक का नाम मोहम्मद तसोवर है। दिल्ली पुलिस ने कुछ दिन पहले एक युवक को नकली नोट के कारोबार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया था। उस आरोपी ने दिल्ली पुलिस को बताया था कि, रांची के युवक ने उसे नकली नोट दिए थे। उसकी निशानदेही के आधार पर ही दिल्ली पुलिस ने ये कार्रवाई की है।

बता दें कि दिल्ली पुलिस की छापेमारी जारी है। मामले की जानकारी देते हुए रांची ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया है कि, दिल्ली पुलिस ने दिल्ली में जाली नोट के धंधे में लिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। उससे हुई पूछताछ के आधार पर ये जानकारी मिली थी कि रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के निवासी मोहम्मद तसोवर के द्वारा उसको जाली नोट मिले थे। जिसके बाद दिल्ली पुलिस की टीम ने रांची पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया है। 

आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस को बनाया गया बंधक

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के समय सिविल ड्रेस में पहुंची दिल्ली पुलिस को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया था। पकड़े जाने के बाद आरोपी ने गांव में यह शोर मचा दिया कि उसका अपहरण किया जा रहा है। आरोपी के शोर मचाते ही ग्रामीणों ने दिल्ली पुलिस के अफसरों को पकड़कर बंधक बना लिया। हालांकि इसी बीच दिल्ली पुलिस के एक अफसर ने रांची के ग्रामीण एसपी नौसाद आलम को फोन कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। जिसके बाद ग्रामीण एसपी के निर्देश पर पहुंची रांची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर दिल्ली पुलिस को मुक्त करवा दिया। 

पुलिस कर रही छापेमारी

जानकारी के लिए बता दें कि रांची ग्रामीण एसपी ने बताया है कि, दिल्ली पुलिस की मदद से लगातार छापेमारी जारी है। इसी क्रम में रांची के रातु थाना क्षेत्र में पिछले दिनों 5.50 लाख रुपए के नकली नोट मिले थे। उसमें चतरा का कनेक्शन सामने आया था और मामले में आरोपी की गिरफ्तारी भी की गई। वहीं इस प्रकरण में अन्य आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। वहीं इसके साथ ही इस मामले को लेकर रांची पुलिस कुछ स्थानों पर छापेमारी भी कर रही है। उम्मीद है कि दिल्ली पुलिस की मदद से जल्द ही इस मामले में पुलिस को और भी कामयाबी मिलेगी। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!