राजस्थान

Rajasthan Pali News Today:पाली में शोकसभा के लिए निकली जीप बनी दुर्घटना का शिकार, 3 की मौत, 25 अन्य घायल

Rajasthan Pali News Today: राजस्थान के पाली जिले में सोमवार को एक जीप हादसे में तीन लोगों की मौत और 25 यात्रियों के घायल होने की दुखद घटना सामने आई। शोकसभा में शामिल होने जा रहे यात्रियों से भरी जीप अचानक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया।

Image

राजस्थान के पाली में भीषण सड़क हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Rajasthan News: राजस्थान के पाली जिले में सोमवार को एक जीप खाई में गिरने से तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना दोपहर लगभग 12 बजे कुंडाल क्षेत्र में हुई। बाली थाने के प्रभारी परबत सिंह ने बताया कि जीप में कुल 28 लोग सवार थे और सभी उदयपुर के पांच बोर सायरा क्षेत्र से एक शोकसभा में शामिल होने के लिए जा रहे थे। तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।

पुलिस ने बताया कि कुंडाल और दानवली के बीच ढलान से नीचे उतरते समय जीप का पिछला पहिया अचानक निकल गया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा गिरा। हादसे के दौरान कई यात्री जीप से बाहर छिटक गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी और राहत कार्य शुरू कर दिया। दो एम्बुलेंस के साथ-साथ आसपास मौजूद निजी वाहनों की मदद से घायलों को जल्द ही अस्पताल पहुंचाया गया।

तीन लोगों की मौत

अधिकारियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 13 लोगों को बेहतर उपचार के लिए पाली जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि जिन तीन लोगों की मौत हुई है, उनकी पहचान तेरसी, कालाराम और सीता के रूप में की गई है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि कुंडाल, पाली में जीप दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और 25 के घायल होने की खबर बेहद दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगतों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

(इनपुट- भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article