Pune News: अवैध संबंध का शक होने पर टेम्पो ड्राइवर को मारकर नदी में फेंका, 3 आरोपी गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 17, 2022, 05:44 PM IST

Tempo Driver Murder in Pune: पुणे में टेम्पो ड्राइवर की हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ लिया है। तीनों से पूछताछ के आधार पर अन्य 2 आरोपियों की तलाश की जा रही है। एक आरोपी की बहन से टेम्पो ड्राइवर का अवैध संबंध होने के शक के चलते उसकी हत्या कर दी गई थी।

Pune News: अवैध संबंध का शक होने पर टेम्पो ड्राइवर को मारकर नदी में फेंका, 3 आरोपी गिरफ्तार
Photo Credit: ANI

Pune Crime News: कहते हैं शक ऐसी बीमारी है, जिसका कोई इलाज नहीं। शंका केवल नुकसान कराती है। ताजा मामला सामने आया है महाराष्ट्र के पुणे से। यहां अवैध संबंधों के शक के चलते पांच लोगों ने मिलकर एक युवक को मौत के घाट उतार दिया। इतना ही नहीं शव के हाथ, पैर बांधकर पुणे और सोलापुर जिले की सीमा पर नीरा नदी में फेंक दिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

वहीं दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। यह घटना पुणे जिले के इंदापुर तालुका के वालचंदनगर पुलिस थाना इलाके की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास हो रहा है कि इनके बाकी साथी कहां हैं। 

ये था पूरा मामला

बारामती के डीवाईएसपी गणेश इंगले ने बताया कि मृतक विकास पाखरे टेम्पो ड्राइवर था। वो रोज बारामती से सोलापुर जिले के मंगलवेढ़ा तक पशुओं का खाद लेकर जाया करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को शक था कि उनमें से किसी एक की बहन के विकास पाखरे के साथ अवैध संबंध थे। इसी शक के चलते पांचों ने मिलकर 10 जून को इस हत्या को अंजाम दिया गया था। कुछ दिन बाद जब स्थानीय लोगों ने नदी में विकास का शव तैरते हुए दिखा तो हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। वालचंदनगर पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला और जांच-पड़ताल शुरू कर दी थी।

विकास के भाई ने मामला कराया था दर्ज

शव के हाथ-पैर बंधे होने के कारण पुलिस को हत्या की आशंका हुई। 48 घंटे के अंदर शव की पहचान कराई गई। जिसपर पता चला कि शव विकास पाखरे का है। विकास के भाई ने इस मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ चल रही है। वहीं अन्य दो आरोपियों की सरगर्मी से तलाश जारी है। पुलिस अब ये पता लगा रही है कि आखिर इन आरोपियों ने विकास को घटनास्थल पर बुलाया कैसे।  

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!