Pune Crime News: प्रॉपर्टी के लिए जान के प्यासे बने रिश्तेदार ने बुजुर्ग महिला को किया किडनैप, हत्या की आशंका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2022, 01:08 PM IST

Pune Crime News: संपत्ति विवाद की वजह से एक बुजुर्ग महिला को अगवा करने के आरोप में मुंडवा पुलिस ने तीन लोगों के परिवार और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बुजुर्ग की बेटी ने 5 अगस्त को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।

Pune Crime News: प्रॉपर्टी के लिए जान के प्यासे बने रिश्तेदार ने बुजुर्ग महिला को किया किडनैप, हत्या की आशंका
Photo Credit: Representative Image

Pune Crime News: संपत्ति विवाद की वजह से एक बुजुर्ग महिला को अगवा करने के आरोप में मुंडवा पुलिस ने तीन लोगों के परिवार और उनके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बुजुर्ग महिला की बेटी ने 5 अगस्त को पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस को आशंका है कि लापता महिला की हत्या हो चुकी है।

मुंडवा पुलिस की एक टीम मामले की जांच कर रही है लेकिन सबूतों के अभाव में मामला उलझ गया है। वहीं परेशान बेटी का एक ही सवाल है कि मेरी मां कहां है। इस मामले में पुलिस ने एक गिरफ्तारी की है। हालांकि तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को एक बुजुर्ग महिला का शव मिला है जिसे जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भेजा गया है। पुलिस ने जिन चार संदिग्धों के खिलाफ मामला दर्ज किया है उनमें महिला का बेटा, बहू, पोता और अन्य साथी शामिल है।

बुजुर्ग महिला की बेटी ने भाई पर दर्ज करवाई एफआईआर

पुलिस को संदेह है कि यह संपत्ति विवाद का मामला है। पंुलिस ने बीस वर्षीय साहिल उर्फ संदीप गायकवाड़, संदीप विट्ठल गायकवाड़, शैला संदीप गायकवाड़ और अन्य सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिला के पोते साहिल को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे मुख्य संदिग्ध माना जा रहा है। शिकायतकर्ता ने अपनी प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया है कि परिवार के दो अन्य सदस्य लापता हैं। पुलिस ने बताया है कि शीतल कांबले ने अपनी मां उषा गायकवाड़ के लापता होने के बाद चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शीतल ने आरोप लगाया है कि उसकी मां की संपत्ति को लेकर हुए विवाद के कारण परिवार के सदस्यों ने उसका अपहरण कर लिया। साहिल ने उसकी मां के साथ मारपीट की साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।

आरोप- पोते की थी गहनों पर नजर

शिकायतकर्ता ने अपनी प्राथमिकी में बताया है कि साल 2008 में उसके माता-पिता ने केशव नगर में 1250 वर्ग फुट जमीन खरीदी थी। उसने कहा कि उसके पिता 2009 में लापता हो गए थे और देहू रोड पुलिस में मामला दर्ज किया गया था। जहां वह उस समय रह रहे थे। परिवार के सदस्यों की हमेशा से उसकी मां की संपत्ति पर नजर रहती थी। वे अक्सर आर्थिक मदद मांगते थे। उषा के पैर की सर्जरी हुई है और वह बिना मदद के चल.फिर नहीं पाती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसका भतीजा साहिल मुख्य संदिग्ध है। वह हमेशा बुजुर्ग के साथ उसके सोने के गहनों को लेकर झगड़ा करता था और उससे सोने की चेन मांगता था। 

फोरेंसिक जांच में जुटी पुलिस

पुलिस उपायुक्त नम्रता पाटिल जोन 5 ने कहा कि हमें लोनीकंद इलाके में एक शव मिला। हमने इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। हम अपहरण के मामले की भी हत्या के एंगल से जांच कर रहे हैं। जांच की दिशा फोरेंसिक रिपोर्ट पर निर्भर करेगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!