दुनिया में कई ऐसी प्राकृतिक जगहें हैं, जिन्हें देखकर अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। आज हम आपको एक ऐसी ही जगह के बारे में बताएंगे, जहां एक पत्थर की चट्टान किसी समुद्री लहर जैसी दिखती है।
हम जिस चट्टान की बात कर रहे हैं, उसका नाम वेव रॉक (Wave Rock) है। यह अनोखी चट्टान पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के व्हीटबेल्ट क्षेत्र में हाइडेन शहर के पास स्थित है।
इसकी सबसे खास बात इसका आकार है। यह बिल्कुल समुद्र की उठती हुई लहर जैसी दिखाई देती है। पहली नजर में इसे देखने वाला कोई भी इंसान यही कहेगा कि यह समुद्र की एक विशाल लहर है, जो अचानक पत्थर बन गई। लेकिन इसका सच इससे भी ज्यादा दिलचस्प है।
इसी वजह से इसे वेव रॉक यानी "पत्थर की लहर" कहा जाता है। यह चट्टान करीब 2.7 अरब साल पुरानी मानी जाती है। यानी यह धरती की सबसे प्राचीन चट्टानों में से एक है।
हांलाकि इसका लहर जैसा आकार लाखों साल तक हवा, बारिश और मौसम के लगातार असर से बना है। प्रकृति ने धीरे-धीरे इसे ऐसा रूप दिया कि आज यह किसी विशाल समुद्री लहर जैसी लगती है।
वेव रॉक करीब 15 मीटर (लगभग 50 फीट) ऊंची और 110 मीटर (करीब 360 फीट) लंबी है। जब लोग इसके सामने खड़े होते हैं तो उन्हें ऐसा महसूस होता है जैसे कोई बड़ी समुद्री लहर अभी उनके ऊपर टूटने वाली हो।
हर साल दुनिया भर से हजारों पर्यटक इस अनोखी चट्टान को देखने ऑस्ट्रेलिया पहुंचते हैं। यहां आने वाले लोग इसकी खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं।
वैज्ञानिकों का मानना है कि करोड़ों साल पहले यह चट्टान जमीन के अंदर थी। समय के साथ मिट्टी और दूसरी परतें हटती गईं और हवा व बारिश ने इसकी सतह को धीरे-धीरे घिसकर आज का यह अनोखा आकार दे दिया।