पनीर को एक पौष्टिक आहार माना जाता है। पनीर में अच्छी-खासी मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है, जो सेहत के लिए काफी लाभदायक होता है। जिम जाने वाले लोगों को भी पनीर खाने की सलाह दी जाती है।
पनीर से कई डिशेज तैयार की जाती हैं, जैसे पालक पनीर, बटर पनीर, पनीर दो प्याजा, मटर पनीर, मसाला पनीर इत्यादि। पनीर खाने से स्वाद के साथ-साथ शरीर की ताकत भी बढ़ती है। इसके साथ ही बॉडी ग्रोथ भी काफी तेजी से होती है।
इतने सारे लाभ से भरा पनीर तभी महंगा बिकता है। बाजार में गाय-भैंस के दूध से बने एक किलो पनीर की कीमत तकरीबन 400-500 रुपए किलो पड़ती है। ये अन्य खाद्य पदार्थों से महंगा होता है।
ऐसे में क्या आपको पता है कि दुनिया में सबसे महंगी पनीर किस जानवर के दूध से तैयार की जाती है? अगर इस बारे में आपको नहीं पता तो चलिए हम आपको इसका जवाब बता देते हैं।
दरअसल, दुनिया में सबसे महंगी पनीर गधी के दूध से तैयार होती है, जिसे 'पुले' कहते हैं। इस पनीर के एक किलो की कीमत सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।
बता दें कि गधी के दूध से बने एक किलो पनीर की कीमत करीब 80 हजार रुपए है, जो पोषण से भरपूर होता है। इस पनीर को सर्बिया के जसाविका नेचर रिजर्व में तैयार किया जाता है, जो बड़ी ही मुश्किल से तैयार होता है।
गधी के 25 किलो दूध से मात्र 1 किलो पनीर तैयार होता है। जो एक गधी के देने के बस की बात नहीं है। मालूम हो कि एक गधी एक दिन में 200 से 300 ग्राम ही दूध देती है। तभी इससे बना पनीर काफी महंगा मिलता है।