हाथी जंगल के सबसे बड़े और ताकतवर जानवरों में से एक है। हाथी को देख शेर-बाघ जैसे शिकारी और खूंखार जानवर भी अपना रास्ता बदल लेते हैं। इतनी ताकत होने के बाद भी हाथी जंगल में अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं करता। आइए आपको बताते हैं कि आखिर हाथी जंगल में सबसे ज्यादा किससे डरता है।
आपको यह जानकर हैरानी होगी कि भारी-भरकम शरीर और ताकतवर होने के बावजूद भी हाथी एक बहुत ही छोटे से जीव से बहुत डरता है। ये जीव ही हाथियों की सबसे बड़ी कमोजरी है।
BBC Earth जैसे कई रिपोर्ट्स में यह बताया गया है कि हाथी सबसे ज्यादा मधुमक्खियों से डरते हैं और उन्हें मधुमक्खियों से इस कदर डर लगता है कि वे उनकी आवाज सुनकर भाग खड़े होते हैं।
भले ही मधुमक्खियां देखने में छोटी होती हैं, लेकिन अगर वे झुंड बनाकर हाथी पर हमला कर दें तो हाथी को काफी दर्द होता है और वह आनन-फानन में इधर-उधर भागते फिरता है।
हाथी की आंखें, सूंड और कानों के आसपास की त्वचा बहुत संवेदनशील होती है। यदि यहां पर मधुमक्खियां उसे काट लें तो वह बिलबिला जाता है और रहम की भीख मांगने लगता है। ऐसे में किसी हाथी को जैसे ही मधुमक्खियों की भनभनाहट सुनाई देती है, वह तुरंत भाग खड़ा होता है।
हाथियों में मधुमक्खियों के डर को ही देखकर ही अफ्रीका और एशियाई देशों में किसान अपने खेतों के आसपास मधुमक्खियों के छत्ते लगा देते हैं। जिससे हाथी खेतों के पास आने से बचते हैं और फसल को नुकसान नहीं पहुंचता।
वैसे तो हाथी को आमतौर पर बहुत समझदार और शांत जानवर माना जाता है। उसे अपनी ताकत पर कभी घमंड नहीं होता और वह बिना वजह किसी पर हमला भी नहीं करता लेकिन अगर उसे खुद या उसके बच्चे और परिवार के आस-पास कोई भी खतरा महसूस होता है तो वह बचाव के लिए काफी आक्रामक भी हो जाते हैं।