नए बदलाव के बाद अब सिर्फ दो ही जीएसटी टैक्स स्लैब होंगे जो कि 5% और 18% हैं। इससे पहले चार टैक्स स्लैब थे जिनमें 12% और 28% शामिल थे। जीएसटी में हुए इस बदलाव के बाद हर घर में रोजाना इस्तेमाल होने वाली चीजों की कीमतें कम हुई हैं जिनमें घी से लेकर पनीर और कार से लेकर AC भी शामिल हैं।
आज का यह लेख आपके लिए बहुत काम का साबित होगा, क्योंकि इसमें उन 10 प्रमुख चीजों की नई कीमत के बारे में बताएंगे जो हर घर की जरूरत हैं। रोजमर्रा के खाने-पीने से लेकर बाइक और कार तक कई चीजें अब पहले से सस्ती हो गई हैं यानी अब घर का बजट थोड़ा और हल्का और चेहरे पर मुस्कान थोड़ी और गहरी होगी। आइए जानते हैं कौन-कौन सी चीजें अब आपको कम दाम में मिलेंगी।
दूध-दही- देश की दो प्रमुख डेयरी फॉर्म अमूल और मदर डेयरी ने दूध, दही, पनीर समेत कई प्रोडक्ट की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। इसके अलावा पराठा भी पहले के मुकाबले सस्ता हो गया है।
सस्ते होने वाले सामान की लिस्ट में पैक्ड ब्रेड, पेस्ट और साबुन, कुकिंग ऑयल, चाय, बिस्किट, कॉफी, मैगी, कोल्ड ड्रिंक्स और हर घर की गाड़ी हीरो स्प्लेंडर शामिल है। अलग-अलग ब्रांड की चाय अब 25 रुपये तक सस्ती हो गई है, वहीं कॉफी की कीमत में 45 रुपये की कमी आई है। अब स्टेशनरी सामानों पर ZERO टैक्स लगेगा।
वोल्टास स्प्लिट AC (1.5 टन)- पहले: ₹34,000, अब: ₹29,600, अंतर: ₹3,400, हिताची क्लास AC (1.5 टन)- पहले: ₹37,500, अब: ₹33,750, अंतर: ₹3,750, LG स्प्लिट AC (1.5 टन)- पहले: ₹36,000, अब: ₹32,400, अंतर: ₹3,600, सैमसंग क्रिस्टल TV (40")- पहले: ₹33,990, अब: ₹30,591, अंतर: ₹3399, सोनी ब्राविया TV (40")- पहले: ₹41,990, अब: ₹37,791, अंतर: ₹4199
GST-2.0 के लागू होने के बाद मारुति सुजुकी के ऑटोमोबाइल उत्पादों पर भी असर पड़ा है, जिससे कई मॉडलों की कीमतों में कमी आई है। उदाहरण के लिए, अर्टिगा की कीमत पहले ₹9.12 लाख थी, जो अब घटकर ₹8.80 लाख हो गई है, जिससे ग्राहकों को ₹32 हजार का लाभ मिल रहा है। इसी तरह, डिजायर की कीमत ₹6.84 लाख से कम होकर ₹6.26 लाख हो गई है, जिसमें ₹58 हजार का अंतर आया है। लोकप्रिय मॉडल वैगनआर भी अब सस्ता हो गया है; इसकी कीमत ₹5.79 लाख से ₹5.29 लाख हो गई है, यानी ₹50 हजार की बचत।
जीएसटी दरों में हुए बदलावों से कई सेवाओं पर टैक्स कम हो गया है। इससे ग्राहकों को अब होटल बुकिंग, ब्यूटी और वेलनेस सेवाओं पर कम खर्च करना पड़ेगा। इसके अलावा, सिनेमा प्रेमियों के लिए भी टिकटों पर लगने वाला जीएसटी कम हो गया है। जिन होटल रूम का किराया 1,000 से कम है, ऐसे होटल रूम पहले की तरह टैक्स फ्री रहेंगे। वहीं 100 रुपये तक की सिनेमा टिकटों पर अब सिर्फ 5% टैक्स लगेगा, जो पहले 12% था। 100 रुपये से अधिक की टिकटों पर 18% जीएसटी लगेगा।
बाइक की बात करें तो Hero की बाइक्स पर कुल 14,000 रुपये तक की बचत होगी। वहीं Royal Enfield की बाइक्स पर 19,665 रुपये तक की कटौती हुई है। Honda की बाइक्स पर 19 हजार रुपये तक की छूट मिलेगी। जैसे- Honda NX200 की पुरानी कीमत 1,69,596 रुपये थी और अब नई कीमत 1,56,346 रुपये हो गई है यानी कुल बचत 13,250 रुपये है।