वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में इंडिया ने टॉस जीता और न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। हेनरी निकोल्स हेनरी निकोल्स ने नाबाद 175 रन बनाए। ग्लेन फिलिप्स ने अपना दूसरा टेस्ट शतक (118) बनाया और न्यूजीलैंड ने बोर्ड पर 368 रन बनाए। इंडियन बैट्समैन ने बल्लेबाजी के दौरान खूब मजे किए। केएल राहुल और ऋषभ पंत ने सेंचुरी बनाई। शुभमन गिल ने 98 रन बनाए और यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल ने अर्धशतक जड़े। भारत ने पहली पारी में 720 रन का रिकॉर्ड स्कोर बनाया। इसके बावजूद भी टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। जानते हैं इसके पांच कारण।
भारत की तरफ से यूं तो अच्छी गेंदबाजी देखने को मिली, लेकिन जब पिच से कोई मदद मिलते नहीं देखी तो गेंदबाज थक गए। बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप और अंशुल कंबोज ने लगभग 50-50 ओवर की गेंदबाजी की। आखिरी दिन जसप्रीत बुमराह ने अपना रनअप भी छोटा कर दिया था। कुल मिलाकर पिच और कीवी बल्लेबाजों के धैर्य के आगे गेंदबाजों के कंधे झुक गए थे।
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने भारतीय गेंदबाजों के आगे खूंटा गाड़ दिया। दोनों मिलकर 258 गेंदें खेली लेकिन अपना विकेट नहीं गंवाया। दोनों ने भारतीय गेंदबाजों को नई-नई रणनीति बनाने के लिए मजबूर कर दिया।
भारतीय टीम ने आखिरी दिन मिचेल और ग्लेन फिलिप्स को आउट करने के मौके गंवाए। आकाश दीप ने डेरिल मिचेल को रन आउट करने का मौका गंवाया। वहीं, पहली पारी के दौरान मिचेल को शॉर्ट लेग पर आउट हुए थे। दूसरी पारी में भी शॉर्ट लेग पर कैच गया लेकिन कोई फील्डर ना होने के चलते वह बच गए। फिलिप्स को भी आउट करने के छोटे-छोटे मौके बने लेकिन टीम इंडिया उन्हें भुना नहीं पाई।
डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स ने मिलकर 43 ओवर बल्लेबाजी की और मैच को ड्रॉ पर मजबूर कर दिया। मिचेल ने तो लगभग पांच घंटे तक बल्लेबाजी की। उन्होंने आउट करने का तोड़ा भारतीय कप्तान के पास नहीं था।
वेलिंग्टन की पिच ने उम्मीद के विपरीत खेल दिखाया। यह बल्लेबाजों के लिए स्वर्ग बन गई। हरी पिच अंदर से इतनी फ्लैट थी कि भारतीय गेंदबाज बहुत कोशिश करने के बाद भी कीवी टीम के 20 विकेट नहीं ले पाए। हरी दिखने वाली सतह भूरी हो गई थी लेकिन फिर भी पिच से कोई मदद नहीं मिली। पिच में बहुत कम सीम थी और गति भी धीरे-धीरे खत्म हो रही थी।
भारत ने दिन की शुरुआत तमाम मुश्किलों के बावजूद नतीजा निकालने के लिए 8 विकेट की दरकार के साथ की थी। आखिरी सत्र में भी मैच में जो थोड़ी जान बची थी, वह नई गेंद से बची कुछ उम्मीद और पुरानी गेंद से फेंके गए 37 ओवरों में भारत द्वारा लिए गए तीन विकेटों के कारण थी। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने 120 ओवर की बल्लेबाजी की। आखिरी दिन के खेल में 15 ओवर बचे थे और भारतीय टीम को पांच विकेट निकालने थे, जो एक मुश्किल काम होने वाला था। ऐसे में गिल ने ड्रॉ पर सहमति बनाई और कीवी खिलाड़ियों से हाथ मिला लिया।