उत्तर प्रदेश में रहकर ही अब आप गोवा या फिर मालदीव वाली वाइब ले सकते हैं। यूपी में एक ऐसा बीच छिपा हुआ है जहां जाकर आप बोटिंग से लेकर ट्री हाउस में रहने तक का मजा ले सकते हैं। गौर करने वाली बात ये है कि इस जगह को एकस्प्लोर करने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने की भी जरूरत नहीं है।
घने जंगल से होकर 2 किमी की सवारी आपको चूका बीच तक ले जाती है। उत्तर प्रदेश के इकलौते बीच चूका में एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की प्रबल संभावना है। पीलीभीत जिले में शारदा सागर बांध और शारदा नहर के बीच महोफ वन क्षेत्र में चूका बीच आता है।
हॉलीवुड फिल्म के किसी हीरो की तरह अगर आप वाइब लेना चाहते हैं तो फिर ट्री हाउस में रहने का विकल्प चुनें। पर्यटन प्राधिकरण ने यहां 6 ऐसे ट्री हाउस तैयार किए हैं जो कैंपिंग के लिए एक चिलआउट वाइब आपको दे सकते हैं। ट्री हाउस की कीमत 2,400 रुपये से लेकर 3,600 रुपये प्रतिदिन तक है।
चूका बीच पूरे सप्ताह सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक खुला रहता है। प्रवेश शुल्क प्रति व्यक्ति 100 रुपये है। नाव की सवारी, स्पीड बोटिंग, बर्ड वॉचिंग, जंगल सफारी और ट्रैकिंग आप यहां कर सकते हैं।
पर्यटकों के लिए इस क्षेत्र में ठहरने के विभिन्न प्रकार के विकल्प मौजूद हैं। बांस की झोपड़ी, ट्री हाउस और थारू झोपड़ियों में पर्यटक चिलआउट कर सकते हैं। बुकिंग ऑनलाइन की जा सकती है जिसके लिए न्यूनतम किराया 1500 रुपए है।
हवाई मार्ग से अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो इसके निकटतम एयरपोर्ट लखनऊ में चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट है जो 260 किमी दूर है। ट्रेन से अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो इसके निकटतम रेलवे स्टेशन पीलीभीत जंक्शन रेलवे स्टेशन है, जो 63.2 किमी दूर है।