ISI Terror Module: उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी उजैद से पूछताछ में सुरक्षा एजेंसियों के हाथ कई चौंकाने वाले सुराग लगे हैं। जांच में सामने आया है कि देश में एक बड़े फिदायीन हमले को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी। इसके लिए पाकिस्तान और पीओके (PoK) में बैठे पांच आतंकी चेहरे सोशल मीडिया के जरिए बाकायदा 'ऑनलाइन ट्रेनिंग क्लास' चला रहे थे और नए लड़कों की भर्ती की जा रही थी। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि इस आतंकी मॉड्यूल को पीओके के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान के अलावा पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के खास मोहरे और आतंकी गैंगस्टर शहजाद भट्टी की ओर से ट्रेनिंग दी जा रही थी।
सोशल मीडिया पर बनाए थे कई फर्जी आईडी और सीक्रेट ग्रुप
उजैद ने युवाओं को जोड़ने और आतंकी गतिविधियों के संचालन के लिए इंस्टाग्राम और सुरक्षित माने जाने वाले 'सेशन' (Session) ऐप का इस्तेमाल किया था। जांच में इन अकाउंट्स और ग्रुप्स का पता चला है। उजैद ने इंस्टाग्राम पर चार अलग-अलग आईडी बनाई थीं—
- Ibneaadam99
- Kmaran786 (किश्तवाड़),
- Drugsjihadi (पाकिस्तान)
- Abumusailhafs (पाकिस्तान)
ट्रेनिंग ग्रुप भी बनाए
इंस्टाग्राम और सेशन ऐप पर Tution40 और Brigade नाम से दो ग्रुप बनाए गए थे, जिनमें पीओके के आमिर हमजा, अबू मुसाब, फुरकान और कामरान शामिल थे। इसके अलावा इंस्टाग्राम पर Al-Muzzahid नाम का एक अलग ग्रुप भी सक्रिय था, जिसमें अबू हमजा, अबू मुसाब और कामरान जुड़े हुए थे। उजैद आईएसआई एजेंट और गैंगस्टर शहजाद भट्टी द्वारा बनाए गए ग्रुप में भी शामिल था।
सेना के चेक पोस्ट, काफिले और वीआईपी थे निशाने पर
उजैद को उत्तर प्रदेश में किशोरों और युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर आतंकी साजिश के लिए तैयार करने का टास्क दिया गया था। वह नाबालिगों और युवाओं के मोबाइल पर आतंकी संगठनों के भड़काऊ वीडियो भेजता था और बाद में उन्हें डिलीट कर देता था। पूछताछ में पता चला कि आतंकी हैंडलर्स की ओर से भारतीय सेना के चेक पोस्ट, सैन्य काफिलों, वीआईपी लोगों और कई महत्वपूर्ण ठिकानों को टारगेट करने के लिए उकसाया जा रहा था।
एक कमेंट से आतंकी नेटवर्क में हुई थी एंट्री
साल 2025 में जम्मू में आतंकी साजिद की गिरफ्तारी के बाद उजैद का नाम सामने आया था, जिसके बाद से वह पिछले 10 महीनों से फरार चल रहा था। सोमवार को जम्मू पुलिस और मेरठ की कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उसे कोतवाली क्षेत्र से दबोच लिया। उजैद ने बताया कि वह इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी वीडियो देखता था और मौलाना मसूद अजहर, तारिक मसूद व डॉ. इसरार अहमद जैसे कट्टरपंथियों के वीडियो पर कमेंट करता था। ऐसे ही एक वीडियो पर उसने "हम भी तैयार हैं" कमेंट किया, जिसके बाद वह आतंकी साजिद के संपर्क में आ गया।
साल 2025 में उजैद और उसके साथियों ने सेना के किसी बड़े चेक पोस्ट या काफिले पर फिदायीन हमले की योजना बनाई थी। इसकी रेकी करने का जिम्मा साजिद को मिला था, जबकि हथियार और एक्सप्लोसिव जैकेट उपलब्ध कराकर हमले को अंजाम देने के लिए उजैद को तैयार किया गया था और इसके लिए उसे ट्रेनिंग भी दी गई थी। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उजैद के संपर्क में रहे अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं।
