महाराष्ट्र के नागपुर (Nagpur, Maharashtra) में करोड़ों रुपये की लूट का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यापारी के कर्मचारियों पर चाकू से हमला कर बदमाश 3 करोड़ 74 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। लूट के बाद आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए करोड़ों रुपये मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले (Balaghat) के एक खेत में भूसे के ढेर के नीचे छिपा दिए। हालांकि, नागपुर पुलिस ने उनकी इस चालाकी का पता लगा लिया। पुलिस ने खेत से तीन बोरियां बरामद की हैं, जिनमें 3 करोड़ 28 लाख रुपये रखे हुए थे। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि छह अन्य की तलाश जारी है।
18 नवंबर को दिया था लूट की वारदात को अंजाम
यह पूरी घटना नागपुर के शांति नगर पुलिस थाना क्षेत्र के तुलसीनगर इलाके की है। यहां 18 नवंबर की सुबह धान और फाइनेंस का कारोबार करने वाले व्यापारी सुरेश परमार के कर्मचारियों को बदमाशों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने कर्मचारियों पर चाकू से हमला किया और नकदी से भरी SUV लेकर फरार हो गए। इस वारदात में कुल 3 करोड़ 74 लाख रुपये लूटे गए थे। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: तेजधार हथियारों से हमला कर प्रॉपर्टी कारोबारी की हत्या
झूम कार ऐप से की थी व्यापारी की रेकी
पुलिस की जांच में लूट की साजिश का एक चौंकाने वाला तरीका सामने आया। आरोपियों ने व्यापारी के घर और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए झूम कार ऐप के जरिए एक कार बुक की थी। बताया गया है कि शुभम डहरवाल, अजय यादव और रितेश मरस्कोल्हे ने इस कार का इस्तेमाल रेकी करने के लिए किया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार को बालाघाट रेलवे स्टेशन पर पार्क कर वहां से फरार हो गए।
भूसे के नीचे छिपाई थी करोड़ों की रकम
लूट के बाद आरोपी नागपुर से मध्य प्रदेश के बालाघाट पहुंच गए। यहां डोरली माल गांव में दिनेश डहरवाल के खेत में तीन बोरियों के अंदर लूट की रकम भरकर रख दी गई। इन बोरियों को भूसे के ढेर के नीचे छिपाया गया था, ताकि किसी को उन पर शक न हो। पुलिस को आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर खेत में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान तीन बोरियों से 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद हुए।
46 लाख रुपये अब भी गायब
इस मामले में पुलिस ने चंद्रकांत बघेल और रजनीकांत चंद्रभान को गिरफ्तार किया है। जांच में कुल आठ आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। शुभम डहरवाल, अजय यादव, विशाल सोनगडे और रितेश मरस्कोल्हे समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अब तक लूटी गई 3 करोड़ 74 लाख रुपये की रकम में से 3 करोड़ 28 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। यानी अभी भी 46 लाख रुपये का पता नहीं चला है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि बाकी रकम कहां रखी गई है और इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड कौन है।
